➡️ शासकीय विद्यालय जमुनिया चिखली में अतिथि व्याख्यान आयोजित, विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को दी स्वास्थ्य एवं योग संबंधी जानकारी
➡️ औषधीय उद्यान का किया अवलोकन, विद्यालय की अनुशासित व्यवस्था एवं निर्धारित यूनिफॉर्म की अतिथियों ने की सराहना
सागर 14 नवंबर 2026
नवीन व्यावसायिक शिक्षा योजना के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमुनिया चिखली में संचालित हेल्थ केयर एवं शारीरिक शिक्षा ट्रेड के तहत अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों एवं अनुभवी अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, योग, टीकाकरण एवं रोगों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
कार्यक्रम में विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक एवं सेवानिवृत्त शिक्षक पंडित श्री वीरेंद्र रावत ने शारीरिक शिक्षा के अंतर्गत योग के महत्व, उसके लाभ एवं दैनिक जीवन में योग को अपनाने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी से आए डॉ. गोविंद बर्दिया ने विभिन्न प्रकार के टीकाकरण एवं उनके महत्व के बारे में बताया। डॉ. राजेश पटेल ने विभिन्न दवाओं, उनके उपयोग एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता संबंधी जानकारी दी। वहीं कुष्ठ रोग विशेषज्ञ श्री टी.आर. बाबू ने कुष्ठ रोग के लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक किया।
इसके अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सागर से आए श्री संतोष तिवारी एवं मालथौन के पूर्व बीआरसी श्री यतीराम तिवारी ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यालय परिसर में विकसित औषधीय उद्यान (मेडिसिनल गार्डन) का अवलोकन किया तथा विभिन्न औषधीय पौधों एवं उनके उपयोग की जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों में आयुर्वेद, औषधीय वनस्पतियों एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने के लिए विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की अतिथियों ने सराहना की।
अतिथियों ने विद्यालय के समस्त शिक्षक-कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को निर्धारित यूनिफॉर्म में देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विद्यालय की अनुशासित एवं व्यवस्थित परंपरा की भी प्रशंसा की।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। अतिथियों ने शैक्षणिक गतिविधियों के साथ व्यावसायिक शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, योग एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
#jansamparkMP #sagar