➡️ उत्कृष्ट विद्यालय में कालिदास समारोह के राज्य स्तरीय विजेता छात्र बाल दिवस पर सम्मानित
सागर 14 नवंबर 2026
शहर के उत्कृष्ट विद्यालय में बाल दिवस के अवसर पर कालिदास समारोह के राज्य स्तरीय विजेता विद्यार्थियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान वर्ष 2022 से 2025 के बीच राज्य स्तरीय कालिदास समारोह, उज्जैन में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय के प्राचार्य श्री सुधीर तिवारी, कार्यक्रम प्रभारी सुश्री अर्चना वर्दे एवं सहायक नोडल अधिकारी डॉ. मनोज श्रीवास्तव द्वारा शील्ड एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि इन विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय कालिदास समारोह में संस्कृत भाषा में महाकवि कालिदास की रचनाओं पर केंद्रित नाटिकाओं का कुशल मंचन किया था। संस्कृत के विद्वानों की निर्णायक मंडल द्वारा उनके अभिनय एवं प्रस्तुतीकरण को सराहते हुए प्रथम स्थान प्रदान किया गया था। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को न केवल नाटक प्रेमियों, बल्कि शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सराहा था।
इस अवसर पर प्राचार्य श्री सुधीर तिवारी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इन नन्हे कलाकारों ने उत्कृष्ट अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी तरह विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम प्रभारी सुश्री अर्चना वर्दे ने अपने संस्मरण साझा करते हुए बताया कि विद्यार्थियों को इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए निरंतर परिश्रम और प्रयास किए गए हैं। विद्यालय में संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार एवं कालिदास की रचनाओं को जीवंत बनाने के उद्देश्य से लगातार नाटिकाओं का मंचन किया जाता रहा है। संस्कृत एवं नाट्य विधा के विशेषज्ञों से परामर्श लेकर इन प्रस्तुतियों को विभिन्न मंचों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों की उपलब्धि में उल्लेखनीय भूमिका निभाने के लिए डॉ. मनोज श्रीवास्तव को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री बीजू थॉमस ने किया। समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
#jansamparkMP #sagar