जनसुनवाई से समाधान तक,मजबूत हुआ जनविश्वास—92 प्रतिशत से अधिक प्रकरणों का निराकरण
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण पर कलेक्टर का जोर
नीमच, 8 सितंबर 2026। शासन की मंशानुसार कलेक्टर श्री Himanshu Chandra की सतत निगरानी में जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्रवाई करते हुए समस्याओं का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा के साथ जरूरत के अनुसार मौके पर कार्रवाई कर आमजन को राहत दिलाई जा रही है।
विगत ढाई वर्षों में जनसुनवाई में कुल 11,828 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 10,940 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। इस प्रकार कुल प्राप्त आवेदनों में 92.49 प्रतिशत प्रकरणों का समाधान हुआ है।
मौके पर कार्रवाई कर खुलवाए रास्ते
जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निराकरण में मैदानी स्तर पर कार्रवाई को भी प्राथमिकता दी जा रही है। ग्राम सेमलीजागीर में रास्ते को लेकर प्राप्त शिकायत पर पटवारी द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया तथा ग्राम पंचायत के सहयोग से आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर रास्ता खुलवाकर शिकायत का निराकरण किया गया।
इसी प्रकार ग्राम बामनी में निजी भूमि तक आने-जाने के रास्ते को लेकर प्राप्त शिकायत पर राजस्व एवं पुलिस अमले की मौजूदगी में मौके पर कार्रवाई करते हुए बाधित रास्ता खुलवाया गया और शिकायत का निराकरण किया गया।
फसल बीमा की शिकायत पर किसान को मिली 44,974 रुपये की राशि
जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के समाधान का एक उल्लेखनीय उदाहरण ग्राम कड़ी बुजुर्ग, तहसील मनासा निवासी गोपाल पिता भंवरलाल गुर्जर का है। आवेदक ने 11 अगस्त को जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत कर बताया था कि वर्ष 2024-25 में फसल बीमा कराने के बावजूद फसल नुकसान की राशि प्राप्त नहीं हुई।
प्रकरण में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक,नीमच से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत 44,974 रुपये की राशि का भुगतान 14 अगस्त 2026 को आवेदक को कर दिया गया।यह प्रकरण जनसुनवाई के माध्यम से किसान की समस्या के त्वरित समाधान और पात्र हितग्राही को योजना का लाभ दिलाने का प्रभावी उदाहरण है।
रेडक्रॉस,पेंशन एवं अन्य योजनाओं में भी मिल रही राहत
जनसुनवाई के माध्यम से जरूरतमंद आवेदकों को रेडक्रॉस के जरिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। पेंशन संबंधी प्रकरणों में कार्रवाई कर पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाया गया है। इसी तरह प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित शिकायतों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की कार्रवाई की जा रही है।
आज 121 आवेदकों की सुनी समस्याएं
इसी क्रम में आज 8 सितंबर 2026 को कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में 121 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए समय-सीमा में एवं संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आज जनसुनवाई में मंदिर भूमि के नामांतरण, कुएं से सिंचाई, शासकीय रास्ते से अतिक्रमण हटाने, चरनोई भूमि से अतिक्रमण हटाने, विवाद एवं मारपीट, फसल बीमा की राशि, भूमि की धोखाधड़ीपूर्ण रजिस्ट्री तथा धार्मिक कार्यक्रम के लिए छोड़ी गई भूमि पर अवैध निर्माण सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
कई विभागों में लंबित प्रकरण शून्य
जनसुनवाई की नियमित मॉनिटरिंग का परिणाम है कि कई विभागों में प्राप्त सभी प्रकरणों का निराकरण कर लंबित प्रकरणों की संख्या शून्य की गई है। रिपोर्ट में एडीएम, कृषि, अजाक थाना, भू-अर्जन अधिकारी, बीएमओ मनासा, सीएमओ डीकेन, सीएमओ कुकड़ेश्वर, सीआरपीएफ, सीएसपी, पीएचई, आबकारी, उद्यानिकी, पेंशन कार्यालय और रोजगार विभाग सहित कई विभागों में कोई प्रकरण लंबित नहीं है।
जनसुनवाई से जुड़े ये आंकड़े और मौके पर किए गए निराकरण यह दर्शाते हैं कि कलेक्टर द्वारा समस्या सुनने के साथ उसके वास्तविक समाधान पर भी समान रूप से जोर दिया जा रहा है। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की निगरानी में विभागीय समन्वय, नियमित समीक्षा और मैदानी कार्रवाई के माध्यम से जनसुनवाई को आमजन की समस्या से समाधान तक की प्रभावी व्यवस्था बनाया जा रहा है।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#Jansunwai
#GoodGovernance
#Neemuch
#नीमच
7 views | Neemuch, Madhya Pradesh | Sep 9, 2026