नीमच में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ
“हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” थीम पर एक माह तक होंगी पोषण एवं जन-जागरूकता गतिविधियां
नीमच, 9 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में 9वें #राष्ट्रीय_पोषण_माह 2026 के शुभारंभ अवसर पर बुधवार को कलेक्टर परिसर स्थित आयुष हॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जिले के सभी परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान वाराणसी, उत्तरप्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट देखा गया तथा उद्बोधन सुना गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश गुप्ता ने पोषण माह के दौरान आयोजित होने वाली दिवसवार गतिविधियों की जानकारी देते हुए विभागीय अमले को अधिकाधिक हितग्राहियों एवं समुदाय को जोड़ने तथा पोषण संबंधी संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
“हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” है इस वर्ष की थीम
9वें राष्ट्रीय पोषण माह की केंद्रीय थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखी गई है। इसका उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास के लिए सामुदायिक सहभागिता के केंद्र के रूप में सशक्त करना है। इस वर्ष पोषण के क्षेत्र में सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
पोषण माह के दौरान विविध एवं संतुलित आहार, पर्याप्त प्रोटीन, स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग, स्वच्छता एवं गुणवत्ता तथा बच्चों के पोषण के साथ उनके प्रारंभिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में अभिभावकों, पंचायतों, स्व-सहायता समूहों एवं समुदाय की भागीदारी बढ़ाने के प्रयास भी किए जाएंगे।
प्रथम दिवस पर जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण जागरूकता रैलियां एवं दीवार लेखन गतिविधियां आयोजित की गईं। दीवार लेखन के माध्यम से पोषण संबंधी संदेश एवं नारे लिखकर आमजन को जागरूक किया गया।
पूरे माह आंगनवाड़ी केंद्रों एवं समुदाय स्तर पर विभिन्न जन-जागरूकता और सहभागिता आधारित गतिविधियां आयोजित होंगी। इनका उद्देश्य बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा परिवारों में बेहतर पोषण व्यवहार को बढ़ावा देना और सुपोषित नीमच एवं सुपोषित भारत के संकल्प को मजबूत करना है।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh
#Neemuch
#नीमच
1 views | Neemuch, Madhya Pradesh | Sep 10, 2026