पालमपुर विज्ञान केन्द्र में संविधान दिवस के अवसर पर ‘हमारा संविधान - हमारा स्वाभिमान’ विषय पर लोकप्रिय विज्ञान व्याख्यान, प्रश्नोत्तरी एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित
पालमपुर/सचिन अग्रवाल।
आज दिनाँक 26 नवम्बर 2026 को पालमपुर विज्ञान केन्द्र, राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद्, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की एक इकाई; में संविधान दिवस के उपलक्ष्य में इस वर्ष की विषयवस्तु ‘हमारा संविधान -हमारा स्वाभिमान’ के अंतर्गत लोकप्रिय विज्ञान व्याख्यान, ओपन हाउस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ पालमपुर विज्ञान केन्द्र के प्रधान संग्रहाध्यक्ष एवं केन्द्र प्रमुख राम स्वरूप के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने भारतीय संविधान में निहित मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संविधान की मूल भावना, नागरिक जिम्मेदारियों तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को तथ्यों, तर्क एवं विवेक के आधार पर विचार करने, सही जानकारी प्राप्त करने तथा सोच-समझकर निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में उन्होंने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 51A(h) का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रत्येक नागरिक का मौलिक कर्तव्य वैज्ञानिक दृष्टिकोण, मानववाद तथा ज्ञानार्जन एवं सुधार की भावना का विकास करना है। उन्होंने समझाया कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण का अर्थ किसी भी विषय को बिना जांचे-परखे स्वीकार करने के बजाय तथ्यों, प्रमाणों एवं तार्किक विचारों के आधार पर समझना और निष्कर्ष निकालना है। वैज्ञानिक सोच व्यक्ति को प्रश्न पूछने, जिज्ञासा रखने, अंधविश्वासों से दूर रहने तथा विवेकपूर्ण निर्णय लेने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए सरल उदाहरणों के माध्यम से संविधान, वैज्ञानिक चेतना एवं दैनिक जीवन में तार्किक सोच के महत्व को समझाया।
इसके उपरांत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात गाँधीवादी सामाजिक कार्यकर्ता श्री हिमांशु कुमार ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के मूल्यों को समझाते हुए सामाजिक न्याय, आर्थिक न्याय एवं राजनीतिक न्याय के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि संविधान प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करने तथा समाज में समानता, गरिमा एवं न्याय सुनिश्चित करने का आधार है।
मुख्य अतिथि श्री हिमांशु कुमार ने मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के प्रति सम्मान, देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करने तथा समाज में आपसी सद्भाव एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संविधान के मूल्यों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन में अपनाने पर बल दिया।
व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों को विषय से संबंधित प्रश्न पूछने का अवसर प्रदान किया गया। प्रश्नोत्तरी सत्र में विद्यार्थियों ने संविधान, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं नागरिक जिम्मेदारियों से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका मुख्य अतिथि ने सरल एवं स्पष्ट तरीके से उत्तर दिया। संवादात्मक सत्र ने विद्यार्थियों को संविधान के विभिन्न पहलुओं को बेहतर ढंग से समझने का अवसर प्रदान किया।
इसके उपरांत ओपन हाउस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चचियाँ; राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अवेरी; राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, लाहला; राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, पालमपुर (HPBOSE) और टाइनी टोटस पब्लिक स्कूल, पट्टी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नोत्तरी के माध्यम से प्रतिभागियों को भारतीय संविधान, लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित विषयों पर अपनी जानकारी परखने तथा ज्ञानवर्धक तथ्यों को जानने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के अंतर्गत निबंध लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को संविधान, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों से संबंधित विषयों पर अपने विचार लेखन के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया गया। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में चिंतनशील क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल एवं संविधान के प्रति समझ विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चचियाँ; राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अवेरी; राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, लाहला; राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, पालमपुर (HPBOSE) और टाइनी टोटस पब्लिक स्कूल, पट्टी के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों तथा सामान्य आगंतुकों सहित लगभग 150 प्रतिभागियों ने भाग लिया।