*एसडीएम जोगिंदर नगर मनीश चौधरी ने जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो विद्यार्थियों को किया सम्मानित*
*प्रश्नोत्तरी में आरव ठाकुर ने हासिल किया द्वितीय स्थान, जबकि निबंध लेखन में सिमरन ने प्राप्त किया सातवां स्थान*
*जोगिंदर नगर, उमेश कुमार*
एसडीएम जोगिंदर नगर मनीश चौधरी ने जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले राजीव गांधी मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय जोगिंदर नगर की छात्रा सिमरन तथा डीबीपीएस के छात्र आरव ठाकुर को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 18 नवंबर को आईटीआई मंडी में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में आरव ठाकुर ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान, जबकि सिमरन ने निबंध लेखन प्रतियोगिता में सातवां स्थान हासिल किया। दोनों विद्यार्थियों ने जिले के शीर्ष 10 प्रतिभागियों में स्थान बनाकर अपने विद्यालय, महाविद्यालय और क्षेत्र को गौरवान्वित किया।
एसडीएम मनीश चौधरी ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।