पद्मश्री नेक राम शर्मा ने RCFC बचाओ संघर्ष समिति को दिया समर्थन
97 दिनों से जारी आंदोलन की सराहना की, बोले- अपने क्षेत्र के संस्थानों को बचाने के लिए सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए
देवभूमि लाइव टीवी/जोगिंद्रनगर।
जोगिंद्रनगर में क्षेत्रीय सह-सुविधा केंद्र (RCFC) को बचाने के लिए पिछले 97 दिनों से चल रहे आंदोलन को अब मिलेट मैन के नाम से विख्यात पद्मश्री नेक राम शर्मा का भी समर्थन मिला है। जिला मंडी के करसोग क्षेत्र से संबंध रखने वाले नेक राम शर्मा ने जोगिंद्रनगर पहुंचकर RCFC बचाओ संघर्ष समिति के आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष गुरु शरण परमार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि नेक राम शर्मा को जैविक खेती तथा कोदरा सहित अन्य मोटे अनाजों को बढ़ावा देने के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 2023 में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया है।
गुरु शरण परमार ने बताया कि नेक राम शर्मा ने संघर्ष समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र से कोई महत्वपूर्ण संस्थान दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाने लगे तो वहां के लोगों को भी अपने क्षेत्र के हितों की रक्षा के लिए इसी तरह एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जोगिंद्रनगर की संघर्ष समिति से दूसरे क्षेत्रों के लोगों को भी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा लेनी चाहिए।
नेक राम शर्मा ने संघर्ष समिति को आश्वस्त किया कि वह उनकी जायज मांगों के साथ खड़े हैं। इस मामले को लेकर वह शीघ्र ही अपने स्तर पर संबंधित विभाग से बातचीत करेंगे और चाहते हैं कि इस समस्या का जल्द समाधान हो।
इस दौरान संघर्ष समिति की ओर से उन्हें RCFC जोगिंद्रनगर के महत्व और संस्थान को बचाने के लिए चलाए जा रहे आंदोलन की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि पिछले 97 दिनों से जारी इस आंदोलन के तहत शुरुआती 77 दिनों तक रामलीला मैदान में प्रतिदिन चार-चार लोगों ने 24 घंटे का क्रमिक अनशन किया। इसके बाद पिछले 21 दिनों से RCFC के मुख्य द्वार पर दिन के समय धरना-प्रदर्शन जारी है।
इस अवसर पर विशाल शर्मा, कर्म चंद सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।