#Balrampur ! दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर रेहरा बाजार थाने में पीस कमेटी की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील...
#बलरामपुर। आगामी मां दुर्गा पूजा (नवरात्रि) और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को थाना रेहरा बाजार परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में क्षेत्र के दुर्गा पूजा पंडाल आयोजकों, रामलीला कमेटियों, ग्राम प्रधानों, दोनों समुदायों के धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों तथा डीजे संचालकों ने भाग लिया।
क्षेत्राधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार ने उपस्थित लोगों को शासन द्वारा जारी गाइडलाइंस और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने अपील की कि सभी लोग त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। सीओ ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी विवाद या संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें।
बैठक में मौजूद सभी आयोजकों और गणमान्य व्यक्तियों ने त्यौहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर रेहरा बाजार थाना प्रभारी अनिल दीक्षित सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।