#Balrampur ! टीकाकरण में 99.04% उपलब्धि, आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी के निर्देश
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम ने स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की, मातृ स्वास्थ्य से लेकर क्षय रोग उन्मूलन तक की प्रगति पर दिया जोर
#बलरामपुर, 22 अक्टूबर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि अप्रैल से सितंबर 2026 तक जनपद में पूर्ण टीकाकरण की उपलब्धि 99.04 प्रतिशत रही, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह 96.89 प्रतिशत थी। डीएम ने टीकाकरण से छूटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं को चिह्नित कर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा ई-कवच और यू-विन पोर्टल पर समय से आंकड़े दर्ज करने के निर्देश दिए।
6.26 लाख आयुष्मान कार्ड बने
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में अब तक 6,26,086 गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं, जो निर्धारित लक्ष्य का 85.66 प्रतिशत है। वहीं, वंदना योजना के तहत 9,165 कार्ड बनाए गए हैं। डीएम ने शेष पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनवाने और सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार सुविधाएं प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।
सितंबर में 1,586 प्रसव, 226 सिजेरियन
बैठक में बताया गया कि सितंबर माह में विभिन्न प्रथम संदर्भन इकाइयों (एफआरयू) पर 1,586 प्रसव हुए, जिनमें 226 सिजेरियन प्रसव शामिल हैं। डीएम ने गर्भवती महिलाओं को समय पर उपचार, पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधाएं और आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत सितंबर में 497 मरीजों का नोटिफिकेशन हुआ, जो निर्धारित लक्ष्य का 109 प्रतिशत रहा। वहीं, 6 सितंबर से 18 अक्टूबर तक आयोजित सात मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों में 11,306 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं मिलीं।
डीएम ने स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं, उपकरणों, पेयजल, बिजली और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ संचारी रोगों की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों को समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन क्षेत्रों में योजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वहां विशेष ध्यान देकर सुधार किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभारी मौजूद रहे।
#dmbalrampur