मौजवाड़ी रैयत में स्वास्थ्य टीम द्वारा नियमित रुप से लार्वा सर्वे कर विनष्टिकरण किया जा रहा ,ग्रसित मरीजों पर निगरानी रख कर उपचार किया जा रहा
---
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ.ओ.पी.जुगतावत ने बताया कि हरसूद विकासखण्ड के ग्राम मोजवाड़ी रैयत में सिरदर्द, बुखार, और कमजोरी के लक्षणों से ग्रसित मरीजों का जांच उपचार नियमित रुप से किया जा रहा है। कोई भी मरीज गंभीर स्थिति में नही है। गांव में अब तक बुखार के कुल 42 मरीज मिले है। टीम द्वारा निरंतर लार्वा सर्वें किया जा रहा है, घरों में दैनिक उपयोग के लिए लंबे समय तक जमा करके रखा गया पानी के बर्तनों टंकियों में एडीज मच्छर के लार्वा और प्यूपा पाए गए हैं, जिन्हें टेमोफॉस दवा का छिड़काव कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया है।
जिला महामारी विशेषज्ञ डाॅ.योगेश शर्मा, जिला मलेरिया अधिकारी श्री करण सिंह भूरिया विकासखण्ड की टीम द्वारा गाँव का दौरा कर सभी 42 प्रभावित मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कराई गई हैं। मलेरिया टीम ने गाँव के भीतर घरों में पायरेथ्रम दवाई का छिड़काव एवं फाॅगिंग की जा रही है, ताकि वयस्क मच्छरों को नष्ट किया जा सकें। साथ ही टीम ने ग्रामीणों को समझाइश दी गई है कि वे घरों में पीने या रोजमर्रा के इस्तेमाल का पानी तीन दिन से अधिक समय तक जमा न रखें। बर्तनों को सुखाकर और ढककर रखें। साथ ही मच्छरों को पनपने से रोकने के लिए अपने घर के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए कहा गया है। इस दौरान मुख्य खण्ड चिकित्सा अधिकारी डाॅ.आशीषराज मिश्रा, बीईई सुनील भोरगा, सीएचओं मौजूद थे।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#khandwa
Khandwa, Madhya Pradesh | Sep 30, 2026