सहरसा में नकली पनीर के कारोबार पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, चार दुकानों से 6 क्विंटल से अधिक नकली पनीर जब्त
__सदर एसडीओ के निर्देश पर सब्जी मंडी में छापेमारी, सैंपल के लिए रखे गए पनीर को छोड़ बाकी नकली पनीर किया गया नष्ट!!
सहरसा। शहर में नकली पनीर के कारोबार को लेकर लगातार प्रकाशित हो रही खबरों के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को सदर एसडीओ श्रीमांश तिवारी के निर्देश पर शहर की सब्जी मंडी स्थित चार दुकानों में छापेमारी कर करीब छह से सात क्विंटल नकली पनीर जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी संजय कुमार एवं कार्यपालक दंडाधिकारी राहुल राज सहित प्रशासनिक टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने दुकानों की जांच करते हुए नकली पनीर के कारोबार का खुलासा किया। प्रशासन ने जब्त पनीर में से कुछ नमूने जांच के लिए सुरक्षित रखे, जबकि शेष पनीर को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। जांच के लिए रखे गए पनीर के नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जहां उनकी गुणवत्ता और मिलावट की पुष्टि की जाएगी।
सदर एसडीओ ने स्पष्ट किया कि जांच में पनीर में हानिकारक तत्व पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ जुर्माना सहित कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, मामले की सुनवाई एडीएम कोर्ट में भी होगी। आवश्यकता पड़ने पर सिविल कोर्ट में भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से नकली खाद्य पदार्थ बेचने वाले कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
Kahara, Saharsa | Nov 5, 2026