कैमूर के 1,78,369 पेंशनधारियों के खाते में पहुंची अगस्त की पेंशन,
बिहार के माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 1 करोड़ 5 लाख 67 हजार 975 पेंशनधारियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत अगस्त माह की पेंशन राशि 1100 रुपये प्रति लाभार्थी सीधे डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी।
कैमूर जिले में जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा और जिले के पेंशन लाभार्थी ऑनलाइन माध्यम से इस कार्यक्रम में जुड़े।
जिला पदाधिकारी ने सभी पेंशनधारियों को पेंशन अंतरण की बधाई दी और आश्वस्त किया कि पेंशन की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा। डीएम ने सहायक निदेशक को निर्देश दिया कि जिन पेंशनधारियों को लाभ में दिक्कत आ रही है, उसका त्वरित निष्पादन कर भुगतान सुनिश्चित करें। अगर किसी दिव्यांगजन, वृद्धजन या विधवा माता-बहनों को लाभ नहीं मिल रहा है तो वे सीधे जिला पदाधिकारी के समक्ष अपनी समस्या लेकर आ सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक माह की 10 तारीख को विगत माह की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से खातों में भेजी जाएगी।
कैमूर जिले का विवरण:
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन - 37,344
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन - 7,581
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन - 1,090
मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन - 1,01,237
लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन - 13,439
बिहार निःशक्तता पेंशन - 17,678
इस प्रकार जिले के कुल 1,78,369 पेंशनधारियों को कुल 20 करोड़ 61 लाख 59 हजार 200 रुपये की राशि भेजी गई।
अपील
जिले में लगभग 6,300 पेंशनधारियों ने अब तक जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराया है, जिससे वे वंचित हैं। ऐसे सभी लाभार्थी आज ही आधार कार्ड के साथ नजदीकी CSC / वसुधा केंद्र पर जाकर जीवन प्रमाणीकरण करा लें, या अपने विकास मित्र से संपर्क कर भौतिक सत्यापन करा लें।
Mohania, Kaimur | Sep 10, 2026