कैमूर DM ने प्रचार रथ को दिखायी हरी झंडी, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार और नशा मुक्ति को लेकर करेंगे जागरूक
वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार और नशा मुक्त भारत अभियान को लेकर कैमूर जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है।
आज दिनांक 10 सितंबर 2026 को जिला पदाधिकारी कैमूर कुमार अनुराग और उप विकास आयुक्त रोहित कर्दम ने समाहरणालय परिसर से प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर डीएम ने बताया कि माता-पिता भरण पोषण एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण अधिनियम 2007 के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को अपने बेटे, बेटी, पौत्र, पौत्री या संपत्ति के वारिस से भरण पोषण पाने का पूरा अधिकार है। अगर परिवार इसका पालन नहीं करता है तो वरिष्ठ नागरिक अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता वाले अधिकरण और जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता वाले अपील अधिकरण में शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इस अधिनियम का पालन नहीं करने पर 5000 रुपये तक का जुर्माना, 3 महीने की सजा या दोनों हो सकते हैं। अनुमंडल स्तरीय अधिकरण 10,000 रुपये तक का मासिक भत्ता दिलाने का आदेश दे सकता है।
साथ ही यह प्रचार रथ जिले में नशा मुक्त भारत अभियान को लेकर भी लोगों को जागरूक करेगा। इस अवसर पर डीआरडीए निदेशक और सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग मौजूद रहे।
Mohania, Kaimur | Sep 10, 2026