"माटी के गणेश, सिद्ध गणेश” अभियान के तहत मालूद और अमरपुरा में प्रशिक्षण सम्पन्न
---
कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता के निर्देशन में खंडवा जिले में पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से प्लास्टर ऑफ पेरिस के स्थान पर "मिट्टी के गणपति" स्थापना के लिए नागरिकों को प्रेरित किया जा रहा है। जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक जगदीश पटेल ने बताया कि "माटी गणेश सिद्ध गणेश" विषय पर विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण का सेक्टर स्तरीय कार्यक्रम किल्लौद ब्लॉक के ग्राम मालूद के पीएम श्री विद्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षक श्री मनोज राठौर ने नवांकुर सखियों, ग्रामीण महिलाओं एवं प्रतिभागियों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक स्वयं मिट्टी की प्रतिमाएँ तैयार कीं।
परामर्शदाता दादूराम चौहान ने बताया कि मिट्टी के गणेश हमारी संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण का सुंदर माध्यम हैं। उन्होंने सभी से अपने-अपने ग्रामों में माटी के गणेश स्थापित कर पर्यावरण-अनुकूल गणेशोत्सव मनाने का आह्वान किया।
इसके अलावा खंडवा ब्लॉक के पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरपुरा में भी इसी तरह का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के विद्यार्थी, प्रस्फुटन समिति सदस्य, नवांकुर सखियों एवम ग्रामीणों को आगामी गणेशोत्सव में पर्यावरण अनुकूल मिट्टी के गणेश स्थापित करने के महत्व से अवगत कराया गया। जिला समन्वयक जगदीश पटेल ने इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए माटी गणेश, सिद्ध गणेश अभियान से घर घर में गणेश मूर्ति की स्थापना करने के लिए सभी को प्रेरित किया। प्रशिक्षक अंकुर व्यास द्वारा सभी को गणेश जी की मूर्ति बनाना आसान विधि से सिखाया गया। विकासखंड समन्वयक राजकुमार मालाकार ने बताया कि प्लास्टर ऑफ पेरिस व रासायनिक रंगों से बनी प्रतिमाएँ जलाशयों के लिए हानिकारक होती हैं, जबकि मिट्टी की प्रतिमाएँ शीघ्र ही जल में घुलकर पर्यावरण की सुरक्षा करती हैं। इसलिए मिट्टी से ही मूर्ति का निर्माण करना चाहिए।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Department of Environment, Madhya Pradesh
Department of Culture, Madhya Pradesh
#khandwa