#बालाघाट
न्याय सबके लिए’ का संदेश लेकर बालाघाट में निकली भव्य मैराथन, न्यायमूर्ति द्वारकाधीश बंसल ने दिखाई हरी झंडी
आमजन तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने और बच्चों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह 2026 के अंतर्गत 15 नवंबर को भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार आयोजित मैराथन को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर के न्यायमूर्ति एवं पोर्टफोलियो जज श्री द्वारकाधीश बंसल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री प्राणेश कुमार प्राण के मार्गदर्शन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री हेमंत सविता के सहयोग से संपन्न हुआ। मैराथन रानी दुर्गावती चौक पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट रोड, अंबेडकर चौक एवं काली पुतली चौक होते हुए जिला न्यायालय परिसर में समाप्त हुई।
मैराथन के माध्यम से ‘न्याय सबके लिए’ का संदेश देते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने, बच्चों के विधिक अधिकारों, उनकी सुरक्षा और कानूनी जागरूकता का प्रसार किया गया। इसमें न्यायिक अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जिला खेल संघ के पदाधिकारी, स्कूली विद्यार्थी, न्यायिक कर्मचारी, पैरालीगल वॉलंटियर्स एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मैराथन के समापन के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण परिसर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी गई। मैराथन के विजेता प्रतिभागियों को न्यायमूर्ति श्री द्वारकाधीश बंसल द्वारा शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री प्राणेश कुमार प्राण ने बताया कि न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह 14 से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, जेल एवं उपजेलों तथा बाल संरक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को विधिक सेवाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।
#JansamparkMP #minlaw5