#बालाघाट
समन्वित खेती से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर, कृषि विविधीकरण को मिलेगा बढ़ावा
कलेक्टर आदित्य सिंह की अध्यक्षता में आत्मा गवर्निंग बोर्ड एवं जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक संपन्न
मशरूम, दुग्ध, मछली एवं मुर्गीपालन के साथ प्राकृतिक खेती अपनाने किसानों को करेंगे प्रोत्साहित
जिले के किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए परंपरागत खेती के साथ समन्वित एवं विविधीकृत कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। किसानों को केवल धान की खेती तक सीमित न रखते हुए पशुपालन, मत्स्यपालन, मशरूम उत्पादन, मुर्गीपालन, बकरी पालन और उद्यानिकी फसलों से जोड़ने की आवश्यकता है। इससे किसानों के लिए आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित होंगे और कृषि को टिकाऊ एवं लाभकारी बनाया जा सकेगा।
इसी उद्देश्य से 17 नवंबर को कलेक्टर श्री आदित्य सिंह की अध्यक्षता में सबमिशन ऑन एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन (SMAE) अंतर्गत संचालित कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) के गवर्निंग बोर्ड तथा नेशनल मिशन ऑफ नेचुरल फार्मिंग (NMNF) के अंतर्गत जिला स्तरीय निगरानी समिति (DLMC) की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि विस्तार गतिविधियों, प्राकृतिक खेती मिशन की प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने कहा कि बालाघाट जिले में कृषि के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। यहां के किसानों को धान की परंपरागत खेती के साथ समन्वित खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने रबी सीजन में धान की फसल लेने के बजाय अन्य लाभकारी फसलों की खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि जिले में मशरूम उत्पादन, उन्नत नस्ल के पशुओं के माध्यम से दुग्ध उत्पादन, मुर्गीपालन, मत्स्यपालन और बकरी पालन जैसी गतिविधियों में किसानों एवं पशुपालकों को आगे आने के लिए प्रेरित किया जाए। विशेष रूप से जिले के 100 नक्सल प्रभावित रहे गांवों के युवाओं को पशुपालन, मुर्गीपालन और मशरूम उत्पादन जैसे रोजगारमूलक कार्यों का आवासीय प्रशिक्षण देने में प्राथमिकता दी जाए। इसके साथ ही मसाले वाली फसलों, उद्यानिकी एवं अन्य वैकल्पिक फसलों की खेती को भी प्रोत्साहित किया जाए, ताकि किसानों की आमदनी के साधनों में वृद्धि हो सके।
गौशालाओं के आसपास प्राकृतिक खेती के क्लस्टर बनेंगे
कलेक्टर श्री सिंह ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती का रकबा बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जिले में जिन स्थानों पर गौशालाएं संचालित हैं, वहां क्लस्टर विकसित कर किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती से जोड़ा जाए। सब्जियों की खेती में रासायनिक खाद एवं कीटनाशकों के स्थान पर जैविक खाद और जैविक कीटनाशकों के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाए। इसके लिए जिले के प्रत्येक विकासखंड में कृषि संगोष्ठियों का आयोजन कर किसानों को आधुनिक एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जाए। उन्होंने रबी सीजन में रामतिल की खेती को प्रोत्साहित करने तथा कृषि अधोसंरचना निधि (Agriculture Infrastructure Fund) के माध्यम से कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण के लिए इकाइयां स्थापित करने के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
सफल किसानों के खेतों का भ्रमण करेंगे किसान
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि किसानों को नई कृषि तकनीकों और लाभकारी खेती के तरीकों से परिचित कराने के लिए जिले के किसानों को अन्य क्षेत्रों में समन्वित खेती कर बेहतर मुनाफा अर्जित कर रहे किसानों के कृषि फार्म एवं खेतों का भ्रमण कराया जाए। इससे उन्हें व्यावहारिक जानकारी मिलेगी और वे अपने खेतों में भी नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने किसानों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि मेलों का आयोजन करने पर भी जोर दिया। कृषि मेलों के माध्यम से किसानों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर मिलेगा।
धान की डीएसआर पद्धति और रबी फसलों का होगा प्रदर्शन
बैठक में खरीफ सीजन के दौरान डीएसआर (डायरेक्ट सीडेड राइस) पद्धति से किए गए धान के प्रदर्शन की जानकारी दी गई। वहीं रबी सीजन में सरसों, चना एवं गेहूं की फसलों के प्रदर्शन आयोजित किए जाने की जानकारी सदस्यों को दी गई। आत्मा योजना के अंतर्गत विभिन्न एलाइड विभागों के लिए प्रदर्शन के लक्ष्य भी निर्धारित किए गए हैं। इसमें पशुपालन के 60, मत्स्यपालन के 15, उद्यानिकी के 20 तथा रेशम विभाग के 5 प्रदर्शन शामिल हैं। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि इन प्रदर्शनों का लाभ ऐसे किसानों को दिया जाए, जो अपने क्षेत्र में अच्छा कार्य कर रहे हैं और नई तकनीकों को अपनाने के लिए इच्छुक हैं।
उत्कृष्ट किसानों को मिलेगा पुरस्कार
कलेक्टर श्री सिंह ने कृषि एवं संबंधित गतिविधियों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए विकासखंड एवं जिला स्तर पर कृषक पुरस्कार प्रदान करने के निर्देश दिए। इसके लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों का चयन किया जाएगा। बैठक में आत्मा योजना के अंतर्गत कृषि मेले, रबी संगोष्ठी एवं कृषि नवाचार से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में समिति सदस्य श्री झामसिंह नागेश्वर, अंसेरा के श्री शरणागत एवं अन्य सदस्य, आत्मा परियोजना के संचालक डॉ. रामनाथ पटेल, उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय, कृषि महाविद्यालय मुरझड़ के डीन डॉ. घनश्याम देशमुख, वैज्ञानिक डॉ. रमेश अमूले, उप संचालक मत्स्योद्योग श्रीमती पूजा रोडगे, पशुपालन विभाग के डॉ. घोड़ेश्वर सहित एटीएम, बीटीएम, कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minmpkrishi