#बालाघाट
किसानों की आय बढ़ाने और पलायन रोकने के लिए कृषि आधारित गतिविधियों को दें बढ़ावा : कलेक्टर आदित्य सिंह
फसल बीमा का लाभ दिलाने प्रत्येक किसान की फसल का क्रॉप नोटिफिकेशन और जे-फॉर्म में पंजीयन कराने के दिए निर्देश
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में कृषि विकास, किसानों की आय बढ़ाने, फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने तथा कृषि आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कृषि उप संचालक श्री फूलसिंह मालवीय सहित उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं सहकारिता विभाग के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के प्रत्येक किसान की फसल का क्रॉप नोटिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए। इससे फसल की वास्तविक स्थिति का रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा और प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य कारणों से फसल को नुकसान होने की स्थिति में किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने में सुविधा होगी। उन्होंने किसानों का जे-फॉर्म में पंजीयन सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले के जिन क्षेत्रों में रोजगार के अभाव में लोगों का पलायन हो रहा है, उन क्षेत्रों में कृषि विकास को विशेष प्राथमिकता दी जाए। अधिकारी ऐसे क्षेत्रों का भ्रमण कर पलायन के वास्तविक कारणों का पता लगाएं और किसानों की समस्याओं को समझकर उनके निराकरण के लिए प्रभावी प्रयास करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर कृषि एवं उससे जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीणों के लिए रोजगार और आय के अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में दुग्ध उत्पादन और मसाला उत्पादन को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि छोटे एवं बड़े किसानों को उनकी आवश्यकता और पात्रता के अनुसार शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। इसके लिए किसानों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें उत्पादन बढ़ाने और कृषि के साथ अन्य आयवर्धक गतिविधियां अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे कृषि विभाग के साथ समन्वय बनाकर किसानों को विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जोड़ें। किसानों को खेती के साथ दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, मसाला उत्पादन एवं अन्य सहायक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया जाए, ताकि उनकी आय के स्रोत बढ़ सकें।
कलेक्टर श्री सिंह ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और बेहतर कार्ययोजना के साथ काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि कृषि विकास के प्रयासों का लाभ जिले के अंतिम छोर के किसान तक पहुंचना चाहिए। किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minmpkrishi