जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
शासन के निर्देशानुसार जिले में सभी निर्माण विभाग जिला स्तरीय रोड़ सेफ्टी टॉस्क फोर्स गठित कर रोड़ सेफ्टी ऑडिट करवाना सुनिश्चित करें, आरटीओ ई-डार पोर्टल पर डिटेल्स एक्सिडेंटल रिपोर्ट का फार्म अपनी लॉग-इन से भरवाना सुनिश्चित करें। पीडब्ल्यूडी, एमपीआरडीसी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, नेशनल हाईवे ऑथोरिटी जिला स्तरीय रोड़ सेफ्टी प्लान तैयार कर प्रस्तुत करें। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने गुरूवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में संबंधित विभागों के जिलाधिकारियों को दिए।
बैठक में कलेक्टर ने मंडी सचिव को निर्देश दिए कि सुरक्षा की दृष्टि से कृषि उपज मंडी आने वाले सभी ट्रेक्टर-ट्रॉली का रेडियम रिफलेक्टर लगवाए जाए। सचिव ने बताया कि अब तक मंडी में 1350 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर नि:शुल्क रिफलेक्टर लगाए जा चुके है, यह कार्य निरंतर जारी है। कलेक्टर ने एनएच अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों से एनएच को जोड़ने वाले जक्शन पाईंट पर सुरक्षा की दृष्टि से आसपास की झाडि़यों को तत्काल हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि एनएच के कन्ट्रोल एरिया की जमीन पर हाईवे के दोनों ओर कोई अवैध अतिक्रमण न हो, एनएच अपने एरिया को सुरक्षित एवं संरक्षित करवाना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा के प्रति व्यापक जन-जागरूकता के कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने, राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर आमजनों को सड़क दुर्घटना में घायलों की तत्काल मदद पहुंचाने के लिये प्रेरित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित उपचार सहायता मुहैया कराने के लिये आपातकालीन चिकित्सा प्लान तैयार करें, जिसमें रैफरल, हास्पिटलों के नाम और संपर्क सूची भी शामिल हो। कलेक्टर ने एनएच अथारिटी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे हाईवे पर उनकी दो एम्बूलेंस की सेवाएं ऐसी जगह उपलब्ध करवाएं, कि आपातकालीन समय में त्वरित एम्बूलेंस सेवाएं उपलब्ध हो जाएं और एम्बूलेंस सेवाओं का लाभ सम्पूर्ण जिले की सीमा में त्वरित मिल सकें।
कलेक्टर ने आरटीओ को निर्देश दिए कि वे वाहनों पर चालानी कार्यवाही कर मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करवाएं। स्कूल बसों, छोटे टाटा मैजिक व अन्य वाहनों की सुरक्षा की दृष्टि से फिटनेस जांच करें। कलेक्टर ने आगर की सब्जी मण्डी में हाथ ठेला पर सब्जी विक्रेताओं द्वारा मुख्य मार्ग पर ठेला लाकर खड़ा हो जाने पर यातायात बाधित करने वालों को अतिक्रमण विरोधी दस्तें का सब्जी मंडी में तैनात कर हाथ ठेला सब्जी विक्रेताओं को सड़क पर आकर यातायात बाधित करने से रोकने व सड़क के दोनों ओर किनारे पर सब्जी का ठेला लगाकर सब्जी का व्यवसाय करने के लिये पाबंद करने के निर्देश भी मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री, एनएच के इंजीनियर श्री अजय मालवीय, परियोजना अधिकारी शहरी विकास श्री कुशल सिंह डुडवे, मंडी सचिव श्री सिन्हा सहित समिति के सदस्य उपस्थित थे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#agarmalwa