संजीवनी कॉलेज बिजयनगर में 39वीं अंतर महाविद्यालय पावरलिफ्टिंग एवं बेस्ट फिजिक चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ
महिला वर्ग के मुकाबले आज, पुरुष वर्ग के मुकाबले कल होंगे आयोजित
बिजयनगर /भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के तत्वावधान में आयोजित 39वीं इंटर कॉलेज पावरलिफ्टिंग (महिला एवं पुरुष) चैंपियनशिप एवं बेस्ट फिजिक पुरुष प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन संजीवनी कॉलेज, बिजयनगर में 26 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ी अपनी ताकत, शारीरिक क्षमता एवं खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर किया गया। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियों के बीच प्रतियोगिता का विधिवत आगाज हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम बाड़ी के सरपंच राजकुमार शर्मा रहे। वहीं विद्यालय परिवार की ओर से श्री अशोक कुमार सहित अन्य अतिथियों ने शिरकत की। अतिथियों ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के पश्चात विभिन्न भार वर्गों के मुकाबलों की शुरुआत हुई।
प्रतियोगिता के प्रथम दिन 26 नवंबर को महिला वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि 27 नवंबर को पुरुष वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा एवं दमखम का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का समापन 28 नवंबर को होगा।
इस आयोजन से क्षेत्र के खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा विश्वविद्यालय स्तर पर अपनी खेल क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा।