पंचायत चुनावों से पहले पुलिस का सघन चेकिंग अभियान: 13 वाहन जब्त, 6 ड्रंक एंड ड्राइव में धरे, 16 निरुद्ध
डीडवाना।आगामी पंचायत राज चुनावों (जिला परिषद, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत चुनाव) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में शनिवार शाम को पूरे जिले में 4 घंटे का विशेष जिलाव्यापी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक चले इस विशेष अभियान के दौरान जिला पुलिस ने राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों, नाकों, होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंटों पर पैनी नजर रखी। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और थानाधिकारियों ने स्वयं फील्ड में रहकर चेकिंग अभियान का नेतृत्व किया।चेकिंग के दौरान जिलेभर में 320 वाहनों की गहनता से जांच की गई। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 133 चालान कर 19,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत 13 वाहन जब्त किए गए। शराब पीकर वाहन चलाने वाले (ड्रंक एंड ड्राइव) 6 चालकों के विरुद्ध धारा 185 के तहत सख्त कार्रवाई की गई।कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने 'राजकॉप ऐप' के फोटो मैच फीचर का इस्तेमाल किया। नाकाबंदी के दौरान इस डिजिटल तकनीक की मदद से 72 संदिग्ध व्यक्तियों का आपराधिक रिकॉर्ड मौके पर ही चेक किया गया।शांति व्यवस्था बनाए रखने और चुनावी माहौल बिगाड़ने की आशंका को देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 के तहत 16 व्यक्तियों को निरुद्ध किया गया। वहीं डीडवाना, कुचामन सिटी और परबतसर थाना क्षेत्रों में अवैध शराब परिवहन के 4 मामले दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त मकराना थाना क्षेत्र में शिक्षण संस्थान के पास तंबाकू उत्पाद बेचने पर भी एक मामला दर्ज किया गया है।जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान मतदाताओं को डराने-धमकाने या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम (100/112) या दिए गए हेल्पलाइन नंबरों पर दें।
Didwana, Nagaur | Oct 17, 2026