दीपावली से ठीक पहले डीडवाना में चरमराई सफाई व्यवस्था: कागजी दावों तक सीमित प्रशासन,
शहर में जगह-जगह लगे कचरे के ढेर और चोक नालियां गोदारा मार्केट, रोडवेज बस स्टैंड और खुद नगर परिषद कार्यालय के पीछे बद से बदतर हुए हालात
कचरे के ढेरों में लगाई जा रही आग, जहरीले धुएँ और प्रदूषण से लोग परेशान
डीडवाना।त्योहारों का सीजन शुरू हो चुका है और शहरवासी रोशनी के पर्व दीपावली की तैयारियों में जुटे हैं। लेकिन, साफ-सफाई के मामले में डीडवाना शहर के हालात इन दिनों पूरी तरह बेपटरी नजर आ रहे हैं। नगर परिषद प्रशासन द्वारा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के तमाम बड़े-बड़े दावे और वादे किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर ये दावे पूरी तरह हवा हवाई साबित हो रहे हैं। शहर के प्रमुख मार्गों से लेकर खुद नगर परिषद के कार्यालय के आसपास तक कचरे के अंबार लगे हैं और नालियां पूरी तरह चोक पड़ी हैं, जिससे नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है।
*गोदारा मार्केट और गोपाल गौशाला के बाहर कचरे के ढेर, लग रही आग*
शहर के व्यस्त गोदारा मार्केट के सामने स्थित गोपाल गौशाला के बाहर हर रोज सुबह कचरे के बड़े-बड़े ढेर लग जाते हैं। आलम यह है कि इस कचरे में कई बार आग भी लगा दी जाती है। जलते हुए कचरे से उठने वाले जहरीले धुएँ और प्रदूषण के कारण आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और वहाँ से गुजरने वाले लोगों का सांस लेना तक दूभर हो गया है। वहीं, इन कचरे के ढेरों के आसपास मवेशियों के मंडराते रहने से उनकी सेहत पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
*रोडवेज बस स्टैंड पर बरसों से नहीं हुई नालियों की सफाई*
शहर के मुख्य आवाजाही केंद्र—रोडवेज बस स्टैंड की स्थिति भी कम दयनीय नहीं है। यहाँ बस स्टैंड परिसर और उसके आसपास की नालियां कचरे और सिल्ट से पूरी तरह अटी पड़ी हैं। देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि इन नालियों की सफाई को हुए लंबा अरसा बीत चुका है। पानी की उचित निकासी न होने के कारण यहाँ लगातार गंदगी और दुर्गंध बनी रहती है, जिससे यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
*जिम्मेदार नगर परिषद के पास और पिछले हिस्से में भी बदहाली*
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि शहरभर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी जिस नगर परिषद की है, उसी के मुख्य कार्यालय के आसपास सफाई व्यवस्था दम तोड़ती नजर आ रही है। नगर परिषद के ठीक पास बने नाले में कचरा ठसाठस भरा हुआ है। इसके अलावा, परिषद भवन के पिछले हिस्से में भी कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिन्हें लंबे समय से उठाया नहीं गया है। जब प्रशासनिक मुख्यालय के पिछले हिस्से और आसपास ही सफाई का यह हाल है, तो शहर के अंदरूनी वार्डों और कॉलोनियों की वास्तविक स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
*त्योहार पर भी नहीं जाग रहा प्रशासन*
दीपावली जैसे बड़े राष्ट्रीय त्योहार के नजदीक होने के बावजूद शहर में सफाई व्यवस्था का ऐसा लाचार होना नगर परिषद की कार्यशैली पर बड़ा सवालिया निशान लगाता है। स्थानीय दुकानदारों और शहरवासियों ने जिला कलेक्टर और नगर परिषद के उच्च अधिकारियों से पुरजोर मांग की है कि त्योहार को देखते हुए तुरंत प्रभाव से शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, कचरे के ढेरों का उठाव हो, नालियों की पैंदे तक सफाई करवाई जाए और कचरे में आग लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शहरवासी स्वच्छ माहौल में त्योहार मना सकें।
Didwana, Nagaur | Oct 18, 2026