#बलरामपुर पालिका अध्यक्ष ने महिला कर्मचारियों से बंधवाई राखी, उपहार दे जताया सम्मान...
#बलरामपुर। आदर्श नगरपालिका परिषद बलरामपुर में रक्षाबंधन का पर्व अनूठे और आत्मीय अंदाज में मनाया गया। पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने नगरपालिका की महिला कर्मचारियों से कलाई पर रक्षासूत्र बंधवाकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को नमन किया। निकाय इतिहास में पहली बार आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में महिला कर्मचारियों ने पालिका अध्यक्ष को राखी बांधकर दीर्घायु की कामना की।
इस मौके पर डॉ. धीरू ने महिला कर्मचारियों को उपहार स्वरूप नगद राशि, मिठाई और साड़ी भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा, "रक्षाबंधन सिर्फ भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। नगर के विकास और स्वच्छता व्यवस्था में महिला कर्मचारियों का योगदान सराहनीय है। उनका उत्साहवर्धन करना पूरे पालिका परिवार को एकजुट रखता है।"
उपहार और सम्मान पाकर महिला कर्मचारियों ने खुशी जाहिर करते हुए अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस, अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य, सभासदगण एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
#balrampur #nagarpalika