डीएम ने विकास एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा की, सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग सुधारने के दिए निर्देश
हरदोई। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में सोमवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में विकास एवं राजस्व कार्यों से संबंधित विभागों की सीएम डैशबोर्ड प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विभागीय पोर्टलों पर सूचनाओं की समयबद्ध फीडिंग सुनिश्चित की जाए तथा सीएम डैशबोर्ड की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। इसके बाद जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसियों को सभी निर्माण कार्यों में विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा संबंधी मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने तथा कार्य पूर्ण होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित विभाग को हैंडओवर करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, अपर जिलाधिकारी दीपाली भार्गव, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Jun 29, 2026