#Balrampur ! 2.22 लाख उज्ज्वला लाभार्थियों को दिवाली का तोहफा, साल में मिलेंगे दो मुफ्त गैस सिलेंडर...
#बलरामपुर। दीपावली पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत दी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में पात्र उज्ज्वला लाभार्थियों को दो निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने की योजना का शुभारंभ मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से किया। इसके साथ ही बलरामपुर की 2,22,954 उज्ज्वला लाभार्थी महिलाओं को योजना का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मौजूद लोगों और लाभार्थी महिलाओं ने मुख्यमंत्री का वर्चुअल संबोधन भी सुना। कार्यक्रम में 10 लाभार्थी महिलाओं को सब्सिडी हस्तांतरण के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए।
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने बताया कि जिले में उज्ज्वला योजना के 2,22,954 लाभार्थी पंजीकृत हैं। इनमें 1,69,482 लाभार्थियों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। शेष लाभार्थियों से जल्द ई-केवाईसी कराने की अपील की गई है। योजना के तहत पहला चरण अक्टूबर से दिसंबर 2026 और दूसरा चरण जनवरी से मार्च 2027 तक संचालित होगा। दोनों चरणों में पात्र महिलाओं को एक-एक निःशुल्क सिलेंडर रिफिल का लाभ मिलेगा।
जिला पूर्ति अधिकारी कुमार निर्मलेन्दु ने बताया कि लाभार्थियों को गैस एजेंसी से निर्धारित प्रक्रिया के तहत सिलेंडर रिफिल कराना होगा। इसके लिए पहले निर्धारित कीमत का भुगतान करना पड़ेगा। इसके बाद करीब पांच दिनों के भीतर सब्सिडी की धनराशि लाभार्थी के बैंक खाते में भेज दी जाएगी। प्रति सिलेंडर कुल 1,013 रुपये की सब्सिडी निर्धारित है, जिसमें 356.17 रुपये केंद्रांश और 656.83 रुपये राज्यांश शामिल है।
सीडीओ ने कहा कि उज्ज्वला योजना से ग्रामीण और गरीब परिवारों की महिलाओं को पारंपरिक ईंधन के धुएं से राहत मिली है। निःशुल्क रिफिल की सुविधा से परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा और स्वच्छ ईंधन के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विजय प्रकाश सहाय, अमित कुमार सिंह, जिले के सभी छह पूर्ति निरीक्षक, गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाएं मौजूद रहीं।
#balrampur #dmbalrampur