#Balrampur ! दीपावली से पहले बलरामपुर में पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, एसपी ने निकाला फ्लैग मार्च...
वीर विनय चौराहे से सर्राफा बाजार तक गूंजा सुरक्षा का संदेश, ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी...
#बलरामपुर। धनतेरस और दीपावली के त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए मंगलवार को पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ बलरामपुर नगर में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस ने प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में भ्रमण कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
एसपी के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च वीर विनय चौराहा, झारखंडी, पहलवारा, पीपल तिराहा, प्रमुख बाजार और सर्राफा मार्केट समेत विभिन्न स्थानों से गुजरा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय व्यापारियों और आमजन से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए सुझाव भी लिए।
एसपी ने लोगों से धनतेरस और दीपावली का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों तथा सीसीटीवी के जरिए निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक अफवाह और भड़काऊ टिप्पणियां करने वालों पर साइबर एवं सोशल मीडिया सेल लगातार नजर रखेगी।
फ्लैग मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
#balrampur #balrampurpolice