बिना परमिट और जरूरी दस्तावेजों के सड़कों पर दौड़ रहीं 2 प्राइवेट बसों पर पंचकूला पुलिस का शिकंजा, 33,500 रुपये के चालान कर दोनों बसें इंपाउंड
पंचकूला/ 21 अगस्त:- यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, व्यवस्थित और नियमों के अनुरूप बनाए रखने के लिए पंचकूला पुलिस द्वारा यातायात नियमों की उल्लंघना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत आज बरवाला क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस की टीम ने बिना परमिट और आवश्यक दस्तावेजों के संचालित की जा रही दो प्राइवेट बसों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 33,500 रुपये के चालान किए तथा दोनों बसों को इंपाउंड कर लिया।
आज ट्रैफिक पुलिस द्वारा बरवाला क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग के दौरान दोनों प्राइवेट बसों के चालक आवश्यक परमिट एवं जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। जांच में नियमों की उल्लंघना पाए जाने पर सूरजपुर ट्रैफिक एसएचओ अभिषेक द्वारा दोनों बसों के कुल 33,500 रुपये के चालान किए और नियमानुसार दोनों वाहनों को इंपाउंड कर दिया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने कहा कि यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करना पंचकूला पुलिस की प्राथमिकता है। विशेष रूप से प्राइवेट बसों, व्यावसायिक वाहनों तथा सार्वजनिक परिवहन से जुड़े वाहनों की नियमित जांच की जा रही है, ताकि बिना परमिट, बिना वैध दस्तावेज या नियमों की अनदेखी कर चलने वाले वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज एवं परमिट वैध रखें और यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा नियमों की उल्लंघना करने वालों के खिलाफ इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।