सेक्टर-19 जीजा-साला हत्याकांड मे 5 हजार का इनामी मुख्य आरोपी कृष्ण उर्फ चूसा गिरफ्तार, पंजाब में भी दर्ज है फायरिंग का मामला
वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर जेल भेजा, इस मामले में अब तक 2 नाबालिग समेत 10 दबोचे
पंचकूला/ 22 अगस्त:- पंचकूला पुलिस ने सेक्टर-19 क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते हुए जीजा-साले की हत्या के मामले में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सेक्टर-19 चौकी पुलिस टीम ने मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी कृष्ण उर्फ चूसा निवासी इंडस्ट्रियल एरिया, गांव अभयपुर, पंचकूला उम्र करीब 19 वर्ष को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच पीएसआई कमलदीप सिंह द्वारा की जा रही है।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि आरोपी कृष्ण उर्फ चूसा की गिरफ्तारी पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने आरोपी से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पंजाब में भी एक आपराधिक मामला दर्ज है, जिसमें आरोपी ने ठेके के बाहर फायरिंग की थी। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।
गौरतलब है कि 4 जुलाई 2026 को सेक्टर-19 निवासी संजीत की तेजधार हथियारों से हत्या की सूचना पुलिस को मिली थी। जांच के दौरान सीआईडी अंडरपास के पास अर्जुन उर्फ चिट्टा का शव भी बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि अर्जुन ने संजीत की बहन से प्रेम विवाह किया था, जिसके चलते दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश चल रही थी। आरोपियों ने अर्जुन को नामकरण समारोह के बहाने बुलाकर हमला किया, जिसमें दोनों की मौत हो गई। मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि जिला पंचकूला में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जा रही है। आमजन की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।