### *बजर दबाते ही गूंजे जवाब, ज्ञान की कसौटी पर परखी प्रतिभा*
#### *भारत विकास परिषद का प्रश्नमंच चरण सम्पन्न, 17 विद्यालयों के 68 विद्यार्थियों ने लिया भाग*
#### *डीडवाना शाखा के इतिहास में पहली बार पूर्णतः कम्प्यूटरीकृत एवं बजर सिस्टम आधारित प्रतियोगिता*
*डीडवाना।* भारत विकास परिषद शाखा डीडवाना की ओर से *अखिल भारतीय भारत को जानो प्रतियोगिता के द्वितीय चरण (प्रश्नमंच)* का आयोजन रविवार को *मालियान पंचायत सभा भवन* में उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में *17 प्रतिष्ठित विद्यालयों के 68 छात्र-छात्राओं* ने भाग लेकर अपनी ज्ञान प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
*तकनीक और ज्ञान के संगम से सजा प्रश्नमंच* — शाखा डीडवाना के इतिहास में पहली बार प्रतियोगिता का आयोजन *पूर्णतः कम्प्यूटरीकृत एवं बजर सिस्टम आधारित* तरीके से किया गया। विद्यार्थियों ने पहली बार बजर सिस्टम के माध्यम से प्रश्नों के उत्तर देने का रोमांचक अनुभव प्राप्त किया। प्रश्नों के साथ बजर दबाने की प्रतिस्पर्धा ने पूरे आयोजन को बेहद रोचक एवं जीवंत बना दिया।
प्रतियोगिता में *भारत की संस्कृति, भूगोल, संगीत, कला, विज्ञान, खेल, विरासत एवं विविध ज्ञान-विषयों* से जुड़े प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्नों का सामना करते हुए अपनी प्रतिभा एवं ज्ञान का परिचय दिया।
*कनिष्ठ वर्ग में पूजा इंटरनेशनल एकेडमी प्रथम*
कनिष्ठ वर्ग में *पूजा इंटरनेशनल एकेडमी* ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। *पोल स्टार द स्कूल* द्वितीय तथा *लिटिल स्टार स्कूल* तृतीय स्थान पर रहा।
*वरिष्ठ वर्ग में भी पूजा इंटरनेशनल एकेडमी अव्वल*
वरिष्ठ वर्ग में भी *पूजा इंटरनेशनल एकेडमी* ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। *लिटिल स्टार स्कूल* ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि *पोल स्टार द स्कूल एवं संस्कार स्कूल* ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विजेताओं को ट्रॉफी,स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जबकि सभी भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देखकर सम्मानित किया गया।
*विजेता टीमों को मिली प्रांतीय स्तर पर पहुंचने की राह*
क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव *विनोद सेन* ने सभी विजेता टीमों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का अगला चरण *04 अक्टूबर 2026 को नागौर में आयोजित प्रांतीय स्तरीय प्रश्नमंच प्रतियोगिता* में होगा। उन्होंने कहा कि प्रांतीय स्तर के बाद प्रतियोगिता *क्षेत्रीय एवं उसके पश्चात राष्ट्रीय स्तर* पर आयोजित की जाती है। इस प्रकार विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
मालियन पंचायत सभा भवन के अध्यक्ष एवं शाखा के सदस्य रामगोपाल तुनवाल ने बताया कि भारत केवल एक देश नहीं, बल्कि विविधताओं में एकता, संस्कारों, संस्कृति, ज्ञान, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास की अद्भुत भूमि है। हमारे देश की महानता को जानना और समझना प्रत्येक विद्यार्थी का दायित्व है। भारत को जानो प्रतियोगिता इसी उद्देश्य को साकार करने का एक सराहनीय प्रयास है।
आज के विद्यार्थी ही कल के भारत के निर्माता हैं। जब हमारे बच्चे अपने देश के इतिहास, महापुरुषों, संस्कृति, संविधान, विज्ञान, साहित्य और गौरवशाली उपलब्धियों के बारे में जानेंगे, तभी उनके मन में राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना और अधिक मजबूत होगी।
शाखा अध्यक्ष *डॉ. गजादान चारण* एवं प्रकल्प संयोजक *शम्भू सिंह गौड़ ने प्रतियोगिता के नियमों एवं प्रक्रिया की जानकारी दी। क्विज मास्टर* की भूमिका डॉ. गजादान चारण, क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव विनोद सेन एवं प्रकल्प प्रभारी कैलाश सोलंकी ने निभाई। वहीं *ललित सेन एवं कुलदीप सेन* ने तकनीकी व्यवस्थाओं को संभालते हुए प्रतियोगिता को कम्प्यूटरीकृत एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में *विकास रत्न महावीर सिंह चौहान, प्रांतीय संपर्क संयोजक शिव कुमार शर्मा, जिला समन्वयक राकेश जांगिड़, कोषाध्यक्ष बालमुकुंद बागड़िया, संयुक्त सचिव कमल किशोर शर्मा, बजरंग सिंह राठौड़, मनीष भारूका, दिनेश गहलोत, सुशील गौड़, अशोक सोलंकी, विरेन्द्र सिंह, देवेश शर्मा* सहित परिषद के सदस्य, विद्यालय प्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
*ज्ञान, तकनीक और भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत इस प्रश्नमंच ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार किया। पहली बार बजर सिस्टम आधारित आयोजन विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।*
Didwana, Nagaur | Sep 28, 2026