रकम दोगुनी करने का झांसा देकर कथित धोखाधड़ी, छह आरोपी गिरफ्तार
मध्यप्रदेश के मंडला जिले में कम समय में निवेश की रकम दोगुनी करने का लालच देकर लोगों से कथित तौर पर बड़ी रकम जुटाने वाले गिरोह का मंडला पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अब तक करीब 1.75 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी संबंधी शिकायतें सामने आई हैं, जबकि आरोपियों के कब्जे से करीब 66.50 लाख रुपये की मशरूका बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने लोगों को उनकी जमा पूंजी निवेश कराने और कम समय में रकम दोगुनी करके वापस करने का भरोसा दिलाया। कई लोगों ने इस भरोसे में रकम दी, लेकिन तय समय के बाद पैसा वापस नहीं मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी राजेश रघुवंशी के निर्देशन, एएसपी शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन और एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने नागपुर, गोंदिया, मुंबई और बालाघाट सहित कई स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों की तलाश की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में राजिक कुरैशी, मोहसिन उर्फ समीम खान, अब्दुल समीर शेख, राशिद खान, साजिद खान और इमरान शेख शामिल हैं। इनमें कुछ आरोपी मंडला और कुछ महाराष्ट्र के गोंदिया क्षेत्र से जुड़े बताए गए हैं।
32 लाख रुपये नकद सहित वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 लाख रुपये नकद, तीन स्कूटी, मारुति ब्रेजा कार, हुंडई अल्काजार कार और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 66.50 लाख रुपये है।
जांच के दौरान पुलिस को हुंडई अल्काजार कार को लेकर भी जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक कथित धोखाधड़ी से प्राप्त रकम में से करीब एक लाख रुपये नकद देकर कार को छुड़ाया गया था।
50 से अधिक लोगों के बयान दर्ज
एसपी राजेश रघुवंशी के अनुसार अब तक 50 से अधिक लोग पुलिस के संपर्क में आए हैं, जिनके बयान दर्ज किए जा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी ने करीब पांच अन्य लोगों को अपने साथ जोड़कर लोगों को रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाया और प्राप्त रकम का कथित तौर पर सर्कुलेशन किया।
शिकायत सामने आने के बाद आरोपी अलग-अलग स्थानों पर चले गए थे। पुलिस ने तकनीकी जानकारी और अन्य माध्यमों से उनकी तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार आरोपी अलग-अलग वाहनों से विभिन्न शहरों में जाते और होटलों में ठहरते थे। पुलिस टीम ने तलाश करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
लेन-देन और अन्य लोगों की भूमिका की जांच
फिलहाल आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस निवेशकों से ली गई रकम, लेन-देन, संपत्तियों और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मंडला पुलिस अधीक्षक ने अपील की है कि यदि किसी अन्य व्यक्ति से भी पैसा दोगुना करने के नाम पर कथित तौर पर धोखाधड़ी हुई है, तो वह पुलिस के सामने आकर जानकारी दे, ताकि शिकायत के आधार पर जांच और नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
#MandlaNews #MadhyaPradeshNews #FraudCase #CrimeNews #PoliceAction #InvestmentFraud