गांधी जयंती पर उत्कृष्ट विद्यालय में नशा मुक्ति और स्वच्छता अभियान
मंडला के शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में गांधी जयंती के अवसर पर नशा मुक्ति एवं स्वच्छ भारत अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या कल्पना नामदेव ने मां सरस्वती, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। शिक्षक नरेश ठाकुर ने विद्यार्थियों को गांधी जी के जीवन एवं संघर्षों की जानकारी दी, जबकि शिक्षक देवेंद्र कछवाहा ने उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान प्राचार्या ने विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इसके बाद स्वच्छ भारत अभियान के तहत विद्यालय परिसर में सामूहिक सफाई अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने प्लास्टिक, कचरा, खरपतवार एवं सूखे पत्तों को एकत्र कर निर्धारित स्थान पर निस्तारित किया। छात्राओं ने स्वच्छता का संदेश देती आकर्षक रंगोलियां भी बनाईं।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए स्वच्छता और नशा मुक्ति को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
#GandhiJayanti #SwachhBharat #NashaMukti #MandlaNews #MadhyaPradeshNews #SwachhataAbhiyan