🚨 गोंडा RPF कस्टडी में मौत : SI करण सिंह और सिपाही अमित की अग्रिम जमानत खारिज, हाईकोर्ट ने कहा- ‘कस्टोडियल डेथ जहरीले सांप की तरह’
गोंडा में RPF कस्टडी में संजय कुमार सोनकर की मौत के मामले में लखनऊ हाईकोर्ट ने RPF के सब इंस्पेक्टर करण सिंह यादव और सिपाही अमित कुमार यादव को राहत नहीं दी है। दोनों की अग्रिम जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी। दोनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज है। अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद अब उनकी गिरफ्तारी का रास्ता खुल गया है।
मंगलवार 15 सितंबर को जज मनीष माथुर की पीठ ने मामले की सुनवाई की। कोर्ट ने हिरासत में मौत को गंभीर बताते हुए कहा कि कोविड महामारी खत्म हो चुकी है, लेकिन कस्टोडियल डेथ का संकट कम होता नहीं दिख रहा।
पहले जानिए पूरा मामला
मामला 4 नवंबर 2025 का है। इससे पहले 28 सितंबर को मोतीगंज रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बरुवाचक के पास गोंडा से गुवाहाटी जा रही एक मालगाड़ी से सरसों के तेल के छह टिन चोरी होने की घटना हुई थी। RPF गोंडा इस मामले की जांच कर रही थी।
चोरी के आरोप में किनकी गांव निवासी संजय कुमार सोनकर (35) का नाम भी सामने आया था।
संजय के परिजनों का आरोप है कि RPF गोंडा के सब इंस्पेक्टर करण सिंह यादव, सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार और कॉन्स्टेबल अमित कुमार यादव उनके घर पहुंचे और संजय को जबरन अपने साथ ले गए।
परिजनों के मुताबिक, पहले गांव में ही संजय से पूछताछ की गई। इसके बाद उन्हें गाड़ी में बैठाकर कई गांवों में दोपहर तक घुमाया गया और बाद में उनके साथ मारपीट की गई।
तबीयत बिगड़ी तो रात में मेडिकल कॉलेज ले गए
परिजनों का आरोप है कि संजय की तबीयत बिगड़ने के बाद रात करीब 11:30 बजे उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन परिवार को इसकी जानकारी नहीं दी गई।
अस्पताल में संजय की मौत हो गई। आरोप है कि मौत के बाद भी RPF कर्मियों ने परिवार को सूचना नहीं दी और शव को मेडिकल कॉलेज की मॉर्च्युरी में रखवाकर वहां से चले गए।
बेटी ने लगाया था करंट लगाकर मारने का आरोप
संजय की मौत की खबर मिलने के बाद परिजन मॉर्च्युरी पहुंचे और जमकर हंगामा किया। मृतक की बेटी मानसी ने रोते हुए आरोप लगाया था कि उसके पिता को RPF वालों ने करंट लगाकर मारा, उनके साथ मारपीट की गई और वह खून की उल्टियां कर रहे थे।
मृतक के भाई राजू सोनकर की तहरीर पर RPF के सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार, करण सिंह यादव, सिपाही अमित कुमार यादव और कुछ अज्ञात जवानों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
Balrampur, Balrampur | Sep 16, 2026