#Balrampur ! गांवों से स्कूलों तक पहुंची पुलिस, महिलाओं को बताए सुरक्षा और अधिकारों के रास्ते...
दहेज प्रथा, बाल विवाह, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध के प्रति किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी...
#बलरामपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर बलरामपुर पुलिस ने सोमवार को जिलेभर में मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में सभी थाना क्षेत्रों की मिशन शक्ति टीमों ने गांवों, कस्बों और विद्यालयों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की। साथ ही दहेज प्रथा, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई। बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के बारे में समझाते हुए किसी भी परेशानी की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीमों ने महिलाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 समेत विभिन्न सहायता नंबरों की जानकारी दी। इसके अलावा एंबुलेंस सेवा 108, स्वास्थ्य सेवा 102 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में भी बताया गया।
महिलाओं को थानों में संचालित मिशन शक्ति केंद्र और परिवार परामर्श केंद्र की उपयोगिता समझाते हुए बताया गया कि जरूरत पड़ने पर यहां से कानूनी सहायता और परामर्श प्राप्त किया जा सकता है। इस दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए।
बलरामपुर पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रखने की बात कही।
#balrampurpolice