भव्य कलश यात्रा के साथ कमला नगर स्थित श्री राम मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का हुआ शुभारंभ
भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक शांति और सद्मार्ग के लिए धर्म व अध्यात्म से जुडऩा जरूरी : अनिल दास महाराज
भिवानी, 27 नवंबर : स्थानीय कमला नगर स्थित श्री राम मंदिर में कलश यात्रा के साथ शुक्रवार को संगीतमय श्रीमद् भागवत कृष्ण कथा ज्ञानयज्ञ का शुभारंभ किया गया। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और महिला मंडल की सदस्यों ने सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाते हुए क्षेत्र की परिक्रमा की। कलश यात्रा की शुरूआत स्थानीय श्री राम मंदिर से हुई। जिसके बाद कलश यात्रा के मंदिर परिसर पहुंचने के बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कथा की शुरुआत हुई। श्रीश्री 108 सतगुरू राधिकादास एवं श्रीश्री 108 सतगुरू सदानंद महाराज के आर्शीवाद से आयोजित कथा में श्री श्री 108 अनिल दास महाराज कथा व्यास के रूप में विराजमान रहेंगे, जो अपने मुखारविंद से श्रद्धालुओं को कथा का रसपान करवाएंगे। इस आयोजन में हीरालाल मुख्य यजमान की भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन से जुड़ी जानकारी देते हुए पूर्व पार्षद प्रवीण चावला ने बताया कि क्षेत्रवासियों और महिला मंडल के सामूहिक सहयोग से कमला नगर के श्री राम मंदिर में इस भव्य कथा का आयोजन किया जा रहा है। जो कि 3 दिसंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान दोपहर 3 बजे से सांय 6 बजे तक कथा का वाचन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कलश यात्रा में क्षेत्र की मातृशक्ति और श्रद्धालुओं ने जिस उत्साह के साथ भाग लिया है, वह हमारी समृद्ध सनातन संस्कृति और अटूट आस्था का प्रतीक है। उन्होंने सभी धर्मप्रेमियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर कथा श्रवण करें और पुण्य के भागी बनें। वही कथा व्यास श्री श्री 108 अनिल दास जी महाराज ने अपने प्रवचनों में कलश यात्रा और कथा श्रवण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कलश को ब्रह्मांड और मंगल का प्रतीक माना जाता है, तथा इसके पूजन और यात्रा से पूरे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। महाराज ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में मनुष्य को मानसिक शांति और सद्मार्ग के लिए धर्म व अध्यात्म से जुड़े रहना अत्यंत आवश्यक है। जब समाज एकजुट होकर ऐसे धार्मिक अनुष्ठान करता है, तो आपसी भाईचारा और सद्भाव मजबूत होता है। इस अवसर पर पूर्व पार्षद प्रवीण चावला, भाजपा जिला प्रवक्ता विनोद चावला, राधा कृष्ण शर्मा, धर्मवीर पेठा वाले, कृष्ण नारंग, मनोज लूथरा, जगदीश नारंग और पूर्व पार्षद अशोक यादव, महिला मंडल की ओर से सुनीता नारंग, हनी ठुकराल, नीतू मेहता, पूर्व पार्षद आशा रानी चावला, रजनी मखीजा, सन्नो देवी, विजय शर्मा, एडवोकेट सुमन शर्मा, डिंपल मखीजा सहित अनेक श्रद्धालुगण मौजूद रहे।
Bhiwani, Bhiwani | Nov 27, 2026