संविधान रक्षा मार्च में भिवानी की रही जोरदार भागीदारी, भिवानी ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश कौशिक के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ता
भाजपा सरकार वोट चोरी जैसे अलोकतांत्रिक हथकंडों से जनादेश को कर रही प्रभावित : दिनेश कौशिक
चुनावी पारदर्शिता से छेड़छाड़, संविधान की मूल भावना से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी कांग्रेस : दिनेश कौशिक
भिवानी, 27 नवंबर : पंचकूला में आयोजित संविधान रक्षा मार्च के दौरान भिवानी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। यह मार्च पंचकूला के सैक्टर-26 स्थित महाराणा प्रताप भवन से शुरू होकर संविधान स्थल तक निकाला गया। भिवानी से पहुंचे प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) प्रदीप गुलिया जोगी व अध्यक्षता भिवानी ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश कौशिक ने किया, जिनके साथ जिला कार्यकारिणी के सदस्य भी शामिल रहे। इस मार्च में भिवानी ब्लॉक कार्यकारिणी के सदस्यों ने अनुशासित और एकजुट होकर मार्च में शिरकत की। मार्ग में कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और संविधान बचाने का संदेश दिया तथा यह स्पष्ट किया कि संवैधानिक अधिकारों के हनन को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। संविधान रक्षा मार्च में हिस्सा लेने के बाद भिवानी पहुंचने पर कांग्रेस के भिवानी ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश कौशिक ने कहा कि संविधान रक्षा मार्च का मुख्य उद्देश्य लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा को लेकर जनचेतना फैलाना तथा मौजूदा सत्ता पक्ष की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करना रहा। उनका आरोप है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता के साथ छेड़छाड़ की जा रही है और वोट चोरी जैसे हथकंडे अपनाकर जनादेश को प्रभावित करने का प्रयास हो रहा है। इसके साथ ही संविधान की मूल भावनाओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मर्यादा से हो रहे कथित खिलवाड़ को लेकर भी मार्च में शामिल कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश देखा गया। ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश कौशिक ने कहा कि भारतीय संविधान देश के हर नागरिक को समान अधिकार, न्याय और स्वतंत्रता की गारंटी देता है, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार लगातार संविधान की मूल भावनाओं से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने के लिए वोट चोरी जैसी अलोकतांत्रिक प्रवृत्तियों का सहारा लिया जा रहा है, जो सीधे तौर पर जनता के मताधिकार का अपमान है। उन्होंने कहा कि ह संविधान रक्षा मार्च केवल एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने का संकल्प था। उन्होंने कहा कि भिवानी ब्लॉक कार्यकारिणी के सदस्य और कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे तथा जमीनी स्तर पर जनता को सरकार की कथित मनमानी और संवैधानिक मर्यादाओं के उल्लंघन के प्रति जागरूक करेंगे।