सीएम पैक्स एसोसिएशन व सहकारी प्रकोष्ठ हरियाणा ने सहकारी समितियों के उच्चाधिकारियों से की मुलाकात, आश्वासन के बाद एक दिसंबर का प्रदर्शन स्थगित
आश्वासन अनुरूप 15 दिनों में समाधान नहीं हुआ तो सुशासन दिवस पर करेंगे आवाज बुलंद : हनुमान गोदारा/प्रविंद्र मांढ़ी
भिवानी, 27 नवंबर : आगामी एक दिसंबर को होने वाले सीएम पैक्स एसोसिएशन व सहकारी प्रकोष्ठ हरियाणा का संयुक्त प्रदर्शन के ऐलान के बाद शुक्रवार को सीएम पैक्स एसोसिएशन के प्रधान प्रविंद्र मांढ़ी व सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार सुभीता ढाका तथा हरकोफेड के एमडी एवं उप रजिस्ट्रार नरेश गोयल के बीच वार्ता बैठक हुई। इस बैठक के दौरान सीएम पैक्स के सशक्तिकरण, व्यापार विस्तार और उनसे जुड़े विभिन्न नीतिगत व प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने एसोसिएशन द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और उनके जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर हनुमान गोदारा प्रदेश अध्यक्ष सहकारी प्रकोष्ठ हरियाणा, विमला सिंवर सह महिला प्रमुख सहकार भारती हरियाणा भी मौजूद रहे।
बैठक में प्रविंद्र मांढ़ी ने एम-पैक्स को मंडल और ब्लॉक स्तर पर मजबूत बनाने, उन्हें अडॉप्ट करवाने तथा उनके व्यापार को बढ़ावा देने की मांग प्रमुखता से रखी। इसके साथ ही प्रदेश में तीन वर्षों के लिए एफपीओ की तर्ज पर राज्य सरकार द्वारा सीएम पैक्स को विशेष प्रोत्साहन देने तथा इन्हें नि:शुल्क कार्यबल व आधारभूत इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराकर सरकारी एवं संवैधानिक मान्यता देने पर भी जोर दिया गया। वित्तीय सशक्तिकरण और विस्तार के मुद्दों पर चर्चा करते हुए 15 लाख रुपये की सीमा वाले सीसी लिमिट के अंतर्गत सीएम पैक्स को नया कारोबार शुरू करने, व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार करने और कैश क्रेडिट की सुविधा देने की मांग उठाई गई। इसके अलावा सीएम पैक्स की राज्य स्तरीय फेडरेशन का गठन कर संपूर्ण राज्य में इसका विस्तार करने, केंद्र व राज्य की अनाज भंडारण योजना के अंतर्गत सीएम पैक्स को प्राथमिकता देने, लैंड लीज की समीक्षा करने तथा सहकारी अधिनियम 1984 में समय की मांग के अनुसार आवश्यक संशोधन करने जैसे विषयों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
सीएम पैक्स एसोसिएशन के प्रधान प्रविंद्र मांढ़ी ने बताया कि बैठक बेहद सकारात्मक रही। उन्होंने बताया कि फिलहाल अधिकारियों के आश्वासन पर एक दिसंबर का प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया है, लेकिन यदि 15 दिनों में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सुशासन दिवस पर मांगों के लिए आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों को मजबूत करने में सीएम पैक्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब तक इन समितियों को वित्तीय रूप से सशक्त नहीं किया जाएगा और इन्हें सरकारी मान्यता व आधारभूत ढांचा नहीं मिलेगा, तब तक इनका अपेक्षित विकास संभव नहीं है।