हरियाणा राज्य महिला आयोग छात्राओं के हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर: मीना परमार
महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने टीआईटीएस का किया औचक निरीक्षण
भिवानी, 27 नवंबर। हरियाणा राज्य महिला आयोग की प्रदेश उपाध्यक्ष मीना परमार ने शुक्रवार को स्थानीय टेक्नोलॉजिकल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्सटाइल्स एंड साइंसेज सहित गर्ल्स हॉस्टल का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान में आंतरिक शिकायत निवारण समितियों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा समितियों के गठन और उनके द्वारा की जा रही कार्रवाई का जायजा लिया। उन्होंने संस्थान प्रबंधन को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था को दुरूस्त किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि वे छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा शिकायतों के निवारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मीना परमार ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छात्राएं पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित कर जीवन में आगे बढ़ें। किसी भी प्रकार की परेशानी, डर या चिंता होने पर चुप न रहें, बल्कि गलत गतिविधियों का खुलकर विरोध करें। उन्होंने छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में जागरूक रहने तथा किसी भी अनुचित व्यवहार के खिलाफ निडर होकर आवाज उठाने की सलाह दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरियाणा महिला आयोग छात्राओं के हितों की रक्षा के लिए सदैव उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने संस्थान प्रबंधन को निर्देश दिए कि छात्राओं की पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए और परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखते हुए उन्हें सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला आयोग के पास किसी भी प्रकार की शिकायत पहुंचने पर उसका गंभीरता से संज्ञान लिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान संस्थान में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
इस दौरान निदेशक बीके बेहरा, डॉ. मोनिका शर्मा, डॉ. मुकेश, डॉ. चारुमानी, डॉ. गुंजन सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा ।