समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
*प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक: 22 अगस्त 2026
स्थान: मधेपुरा
*जिलाधिकारी श्री अभिषेक रंजन ने गम्हरिया प्रखंड में स्वास्थ्य सेवाओं का किया गहन निरीक्षण*
*सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर, समुचित उपयोग को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश*
जिलाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन (भा.प्र.से.) द्वारा दिनांक 22.08.2026 को गम्हरिया प्रखंड क्षेत्र का भ्रमण करते हुए विभिन्न सरकारी संस्थानों का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
*सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, गम्हरिया का किया गहन निरीक्षण*
भ्रमण के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, गम्हरिया का विस्तृत निरीक्षण किया गया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न महत्वपूर्ण हिस्सों का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता एवं संचालन की स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से एक्स-रे कक्ष, ओपीडी, ईसीजी कक्ष, दवा कक्ष एवं दवा भंडार का निरीक्षण किया तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में संबंधित स्वास्थ्य पदाधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पताल में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता एवं उचित भंडारण सुनिश्चित किया जाए तथा मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
*स्वच्छता, पेयजल एवं मरीजों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन पर विशेष जोर*
जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल परिसर एवं मरीजों के वार्ड में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था रखने तथा मरीजों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा स्वास्थ्य संस्थान में स्वच्छ, सुरक्षित एवं मरीज-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
__
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar