जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
*_प्रेस विज्ञप्ति_*
*विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 25 अगस्त से आयोजित होगा “विद्यार्थी सहयोग शिविर”*
*विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के संचालन को लेकर पदाधिकारियों एवं कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण*
*समस्याओं के समाधान के साथ शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विद्यार्थियों से लिए जाएंगे सुझाव*
मधेपुरा, 22 अगस्त 2026।
विकसित भारत के निर्माण में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा उनकी शैक्षणिक समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में दिनांक 25 अगस्त 2026 से जिले के विभिन्न सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में “विद्यार्थी सहयोग शिविर” का आयोजन किया जाएगा। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए उनसे उपयोगी सुझाव भी प्राप्त किए जाएंगे।
*विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के संचालन को लेकर प्रशिक्षण*
कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी संचालन के उद्देश्य से दिनांक 22 अगस्त 2026 को अपराह्न 01:00 बजे से 03:00 बजे तक झल्लू बाबू सभागार, मधेपुरा में संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, मधेपुरा श्री विवेकानंद एवं आईटी मैनेजर, मधेपुरा श्री तरुण कुमार द्वारा विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के संचालन एवं शिकायतों के प्रभावी अनुश्रवण से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण में संबंधित विद्यालय/महाविद्यालय के प्राचार्य/प्रधानाध्यापक द्वारा अपने योग्य कंप्यूटर ऑपरेटर एवं तकनीकी कर्मी की सहभागिता सुनिश्चित की गई। साथ ही संबंधित विभागों के नोडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी की सहभागिता भी सुनिश्चित की गई।
*शिकायतों के समाधान के साथ विद्यार्थियों के सुझावों को भी मिलेगा महत्व*
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक समस्याओं एवं शिकायतों को दर्ज कर सकेंगे। प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभाग/पदाधिकारी के माध्यम से निर्धारित समय-सीमा में निष्पादित करने की व्यवस्था की गई है।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए अपने महत्वपूर्ण एवं उपयोगी सुझाव देने का अवसर भी मिलेगा। विद्यार्थी शिक्षा व्यवस्था के प्रथम एवं प्रमुख लाभार्थी हैं, इसलिए उनकी समस्याओं के साथ-साथ उनके सुझावों को भी जिला प्रशासन द्वारा विशेष महत्व दिया जा रहा है।
*इन संस्थानों में आयोजित होंगे विद्यार्थी सहयोग शिविर*
मधेपुरा जिले के विभिन्न सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रमुख रूप से—
- विश्वविद्यालय एवं अंगीभूत महाविद्यालय
- अभियंत्रण महाविद्यालय एवं पॉलिटेक्निक
- चिकित्सा महाविद्यालय एवं पारा मेडिकल महाविद्यालय
- आईटीआई एवं नर्सिंग स्कूल
- सिमुलतला आवासीय विद्यालय
- पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के छात्रावास
- अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के छात्रावास
- अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के छात्रावास
- कस्तूरबा गांधी छात्रावास
- समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विद्यालय
शामिल हैं।
*समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए विद्यार्थियों से अपील*
जिला प्रशासन ने जिले के सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से अपनी वास्तविक शैक्षणिक समस्याओं, शिकायतों एवं उपयोगी सुझावों को दर्ज करें। प्राप्त शिकायतों का संबंधित विभाग द्वारा नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल हेल्पलाइन
*हेल्पलाइन नंबर : 1100*
समय : *प्रातः 08:00 बजे से रात्रि* *08:00 बजे तक*
(कार्य दिवसों में)
जिला प्रशासन का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनकी सक्रिय भागीदारी से जिले की शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुगम, संवेदनशील, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाना है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar