*प्रेस विज्ञप्ति*
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
दिनांक : 22 अगस्त 2026
*जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि एवं परिसंपत्तियों का किया गहन स्थल निरीक्षण, संरक्षण एवं जनहित में समुचित उपयोग सुनिश्चित करने का दिया निर्देश*
मधेपुरा। जिलाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन द्वारा आज संबंधित पदाधिकारियों के साथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सरकारी भूमि एवं परिसंपत्तियों का गहन स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य सरकारी भूमि की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के साथ-साथ उसके संरक्षण, अभिलेखीय स्थिति के अनुरूप स्थल सत्यापन तथा जनहित में समुचित उपयोग सुनिश्चित करना रहा।
*रुपौली पंचायत में सरकारी भूमि का लिया जायजा*
जिलाधिकारी द्वारा प्रखंड सिंहेश्वर अंतर्गत पंचायत रुपौली में स्थित सरकारी भूमि का स्थल निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भूमि की वर्तमान स्थिति, उपलब्धता एवं अभिलेखीय विवरण की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि की पहचान एवं संरक्षण के साथ-साथ आवश्यकता के अनुरूप उसके प्रभावी एवं जनोपयोगी उपयोग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
*ओल्ड पुलिस लाइन एवं वन विभाग की भूमि का भी निरीक्षण*
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने ओल्ड पुलिस लाइन स्थित सरकारी भूमि का निरीक्षण करते हुए भूमि की स्थिति एवं उपयोगिता का जायजा लिया। साथ ही वन विभाग, मधेपुरा एवं मधेपुरा प्रखंड से संबंधित सरकारी भूमि का भी स्थल निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से भूमि की उपलब्धता, सीमांकन, वर्तमान उपयोग एवं अभिलेखीय स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी सरकारी भूमि का अभिलेखों के अनुरूप स्थल सत्यापन एवं आवश्यक सीमांकन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सरकारी भूमि को अतिक्रमण से सुरक्षित रखने तथा उसकी नियमित निगरानी एवं संरक्षण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
*सरकारी परिसंपत्तियों के संरक्षण एवं जनहित में उपयोग पर विशेष जोर*
जिलाधिकारी श्री अभिषेक रंजन ने कहा कि सरकारी भूमि एवं परिसंपत्तियां सार्वजनिक संपत्ति हैं। इनका संरक्षण प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध सरकारी भूमि का आवश्यकता, प्राथमिकता एवं स्थानीय जनहित के अनुरूप बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि इसका अधिकतम लाभ आमजन को मिल सके।
उन्होंने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ भूमि एवं सरकारी परिसंपत्तियों से जुड़े मामलों का निष्पादन करने तथा अभिलेख एवं स्थल की स्थिति में किसी प्रकार की विसंगति पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी के भ्रमण एवं गहन निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य सरकारी भूमि एवं परिसंपत्तियों का संरक्षण, अतिक्रमण से सुरक्षा, अभिलेखीय पारदर्शिता तथा जनहितकारी कार्यों के लिए इनके प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करना रहा।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar