खारी स्कूल में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
विद्यार्थियों को दी कानूनी प्रावधानों की जानकारी
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री विनोद परस्ते के मार्गदर्शन में 13 नवंबर को शासकीय एकीकृत हाई स्कूल खारी में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले ने विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणाम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, लैंगिक हिंसा, लिंग परीक्षण की रोकथाम एवं पॉक्सो एक्ट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिका एवं 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह कानूनन अपराध है। बाल विवाह में शामिल लोगों के लिए 2 वर्ष तक का कारावास, एक लाख रुपये तक का जुर्माना अथवा दोनों का प्रावधान है। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं टेली मानस हेल्पलाइन 14416 की जानकारी दी गई।
पैरालीगल वॉलेंटियर श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता, पीड़ित प्रतिकर योजना, हिट एंड रन योजना, शिक्षा का अधिकार, यातायात नियम एवं लोक अदालत के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 से भी अवगत कराया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात एक पेड़ बेटी के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया गया तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र अभिषेक कुमार यादव को उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla