मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत प्रारूप प्रकाशन संपन्न
जिले में 8 लाख 8 हजार 420 मतदाता दर्ज, 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां आमंत्रित
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत जिले के सभी 1059 मतदान केंद्रों पर गुरुवार को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया गया। इस अवसर पर जिला योजना भवन के सभाकक्ष में अपर कलेक्टर श्रीमती सोनल सिडाम की अध्यक्षता में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक-सह-प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप प्रकाशित फोटोयुक्त मतदाता सूची की प्रति तथा बिना फोटो वाली मतदाता सूची की डीवीडी उपलब्ध कराई गई।
प्रारूप मतदाता सूची पर 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। इनका निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। बैठक में निर्वाचन अधीक्षक श्री अरूण कुशवाहा एवं श्री सीके तिवारी सहित मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि तथा मीडियाकर्मी उपस्थित थे।
8 नवीन मतदान केंद्र बनाए गए
मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के बाद जिले में 8 नवीन मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 6 केंद्र अधिक मतदाता संख्या तथा 2 केंद्र 2 किलोमीटर से अधिक दूरी के कारण बनाए गए हैं। इसके अलावा 12 मतदान केंद्रों के भवन परिवर्तित किए गए हैं तथा 4 केंद्रों में अनुभाग परिवर्तन किया गया है। इस प्रकार जिले में मतदान केंद्रों की संख्या 1051 से बढ़कर 1059 हो गई है।
जिले में 8.08 लाख मतदाता
प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 8,08,420 मतदाता हैं, जिनमें 3,99,922 पुरुष, 4,08,493 महिला तथा 5 अन्य मतदाता शामिल हैं। जिले का औसत लिंगानुपात 1021 है। विधानसभा क्षेत्रवार बिछिया में 2,67,723, निवास में 2,69,258 तथा मंडला में 2,71,439 मतदाता दर्ज हैं।
जिले में 881 सेवा निर्वाचक, 80 वर्ष से अधिक आयु के 3,361 वरिष्ठ मतदाता, 18 से 19 आयु वर्ग के 12,999 युवा मतदाता तथा 10,799 दिव्यांग मतदाता पंजीकृत हैं।
अपर कलेक्टर ने मतदाताओं से अपील की कि जिन पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, वे निर्धारित अवधि में नाम जोड़ने के लिए दावा प्रस्तुत करें। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से जिले के सभी 1059 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने का भी आग्रह किया।
Chief Electoral Officer Madhya Pradesh
Election Commission of India
Jansampark Madhya Pradesh
#mandla