#बालाघाट
अगरबत्ती निर्माण का प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बनने की ओर बढ़ रहे 20 हितग्राही
सेवा संकल्प अभियान के तहत वारासिवनी में शुरू हुआ 10 दिवसीय ऑटोमेटिक अगरबत्ती प्रशिक्षण कार्यक्रम
ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत वारासिवनी में 10 दिवसीय ऑटोमेटिक अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन खादी तथा ग्रामोद्योग आयोग, भोपाल के माध्यम से यह प्रशिक्षण मिनी आईटीआई परिसर, ग्राम वारा, वारासिवनी में 19 सितंबर से शुरू हुआ है, जो 28 सितंबर 2026 तक चलेगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के 20 हितग्राही शामिल हुए हैं। खादी तथा ग्रामोद्योग आयोग द्वारा नियुक्त मास्टर प्रशिक्षक इन प्रशिक्षणार्थियों को ऑटोमेटिक अगरबत्ती निर्माण से संबंधित तकनीकी जानकारी, मशीन संचालन, उत्पादन प्रक्रिया एवं आवश्यक व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।
प्रशिक्षण के बाद मिलेगी मशीन
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद बीपीएल श्रेणी के पात्र हितग्राहियों को भारत सरकार के खादी तथा ग्रामोद्योग आयोग के माध्यम से निःशुल्क ऑटोमेटिक अगरबत्ती निर्माण मशीन उपलब्ध कराई जाएगी। मशीन मिलने के बाद हितग्राही अपने स्तर पर अगरबत्ती निर्माण का कार्य प्रारंभ कर सकेंगे और स्वरोजगार के माध्यम से आय का साधन विकसित कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
स्वरोजगार के नए अवसरों से जुड़ रहे ग्रामीण
अगरबत्ती निर्माण कम लागत में शुरू किए जा सकने वाले लघु उद्योगों में शामिल है। प्रशिक्षण के माध्यम से हितग्राहियों को आधुनिक मशीन के उपयोग और उत्पादन की प्रक्रिया की जानकारी मिल रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होने के साथ परिवार की आय बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण हितग्राहियों को कौशल विकास, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम के अवसर पर श्री शिव कुमार डेकाटे, प्रभारी सहायक संचालक हाथकरघा, श्री कृष्ण कुमार कावरे, सहायक ग्रामोद्योग विस्तार अधिकारी हाथकरघा सहित प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#𝐒𝐤𝐢𝐥𝐥𝐬𝐃𝐞𝐯𝐞𝐥𝐨𝐩𝐦𝐞𝐧𝐭 #सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #AshirwadKaDiya