#बालाघाट
कपड़े के थैलों के उपयोग का संदेश, मोहल्ला सभाओं से स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
सेवा संकल्प अभियान के तहत मलाजखंड में प्लास्टिक मुक्ति और विशेष सफाई अभियान
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद मलाजखंड द्वारा पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्ति एवं स्वच्छता के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर अंकुश लगाने तथा नागरिकों को कपड़े के थैलों के इस्तेमाल के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से कपड़े के थैलों का वितरण किया गया। इस दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे बाजार जाते समय कपड़े के थैले का उपयोग करें और प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान को कम करने में सहयोग दें।
मोहल्ला सभाओं में दिया स्वच्छता का संदेश
स्वच्छता के प्रति नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नगर के विभिन्न वार्डों में मोहल्ला सभाओं का आयोजन किया गया। सभाओं में नागरिकों को घरों से निकलने वाले सूखे एवं गीले कचरे को अलग-अलग रखने, आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा नगर की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने के संबंध में जानकारी दी गई।
नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों से अपील की कि कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें और अपने घर, गली तथा मोहल्ले को साफ-सुथरा रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई
अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद द्वारा निकाय क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान भी चलाया गया। मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों, नालियों तथा आवासीय क्षेत्रों में विशेष रूप से सफाई कार्य कराया गया। सफाईकर्मियों द्वारा गहन स्वच्छता गतिविधियां संचालित कर नगर क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का प्रयास किया गया।
नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही मलाजखंड को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक-मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा सकता है।
#CMMadhyaPradesh
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #AshirwadKaDiya
#JansamparkMP
#mpurbandeptt