#बालाघाट
भटेरा चौकी हाईस्कूल में आयुर्वेद एवं स्वस्थ जीवनशैली पर संवाद
विद्यार्थियों को संतुलित आहार, पोषण और एनीमिया की रोकथाम के प्रति किया जागरूक
11 वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस एवं राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल भटेरा चौकी में आयुष एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘आयुर्वेद एवं स्वस्थ जीवनशैली पर संवाद’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम जिला आयुष अधिकारी डॉ. सवेदिता कुमरे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
संगोष्ठी में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपाली चौके ने विद्यार्थियों को आयुर्वेद के महत्व, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित दिनचर्या अपनाने तथा फास्ट फूड एवं अस्वास्थ्यकर खान-पान से बचने की सलाह दी।
होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉ. ललित ठाकरे ने आयुष चिकित्सा पद्धतियों तथा स्वास्थ्य संरक्षण के संबंध में विद्यार्थियों को उपयोगी जानकारी प्रदान की। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक अंजना दुबे एवं सरला भोर ने किशोरियों को पोषण के महत्व तथा एनीमिया की रोकथाम के उपायों के बारे में जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए क्विज सहित विभिन्न ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद से जुड़े प्रश्नों के उत्तर दिए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
संगोष्ठी में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आयुष विभाग एवं पैरामेडिकल स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आयुर्वेद, पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें दैनिक जीवन में स्वास्थ्यवर्धक आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
#CMMadhyaPradesh
#AyurvedaDay
#JansamparkMP
#schooledump
93 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 19, 2026