#बालाघाट
दोना-पत्तल निर्माण प्रशिक्षण से स्वरोजगार की राह होगी आसान
सेवा संकल्प अभियान के तहत 20 प्रशिक्षार्थियों को दिया जा रहा छह दिवसीय प्रशिक्षण
मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं एवं हितग्राहियों को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में दोना एवं पत्तल निर्माण उद्योग का छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन खादी तथा ग्रामोद्योग आयोग, भोपाल के माध्यम से ग्रामोद्योग विकास योजना अंतर्गत यह प्रशिक्षण मिनी आईटीआई परिसर, ग्राम वारा, वारासिवनी में 19 सितंबर से प्रारंभ हुआ है, जो 24 सितंबर तक चलेगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के कुल 20 प्रशिक्षार्थी भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षार्थियों को खादी तथा ग्रामोद्योग आयोग द्वारा नियुक्त मास्टर प्रशिक्षक द्वारा दोना एवं पत्तल निर्माण से संबंधित तकनीकी जानकारी, मशीन संचालन तथा उत्पादन प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के हितग्राहियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार का अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद भारत सरकार के खादी तथा ग्रामोद्योग आयोग के माध्यम से बीपीएल श्रेणी के पात्र हितग्राहियों को दोना एवं पत्तल निर्माण मशीन निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इससे प्रशिक्षित हितग्राही स्वयं का लघु उद्योग प्रारंभ कर आय का स्थायी साधन विकसित कर सकेंगे।
दोना-पत्तल निर्माण कार्य पर्यावरण की दृष्टि से भी उपयोगी है। इसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध प्राकृतिक सामग्री का उपयोग करते हुए रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकते हैं। प्रशिक्षण में मशीन के संचालन के साथ-साथ उत्पादन की गुणवत्ता और व्यवसाय को व्यवस्थित रूप से संचालित करने की जानकारी भी दी जा रही है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान श्री शिव कुमार डेकाटे, प्रभारी सहायक संचालक हाथकरघा, श्री कृष्ण कुमार कावरे, सहायक ग्रामोद्योग विस्तार अधिकारी हाथकरघा सहित प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#𝐒𝐤𝐢𝐥𝐥𝐬𝐃𝐞𝐯𝐞𝐥𝐨𝐩𝐦𝐞𝐧𝐭
#mintechnicalmp #सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #AshirwadKaDiya