मधेपुरा जिले के घैलाढ़ ओपी क्षेत्र अंतर्गत इटली गांव में दो लोगों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर की सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि 12 वर्षीय सुमित कुमार की हत्या कर दी गई है। सुमित, सुनील ठाकुर का पुत्र था और इटली गांव के वार्ड नंबर 2 का निवासी था।
इस घटना में अनिल यादव नामक युवक पर हत्या का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। इसी दौरान आक्रोशित भीड़ ने अनिल यादव की भी कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस के अनुसार, कानून अपने हाथ में लेने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।