भागलपुर में हरि ओम लक्ष्मी नारायण ज्वैलर्स का भव्य री-ओपनिंग, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने किया उद्घाटन
विपक्ष पर चिराग पासवान का निशाना, बोले— हिंदुस्तान को पाकिस्तान और बांग्लादेश बनाने की कोशिश न करें
भागलपुर। शहर के खरमनचक स्थित हरि ओम लक्ष्मी नारायण ज्वैलर्स के विस्तारित एवं नवीनीकृत शोरूम का भव्य उद्घाटन शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिष्ठान के डायरेक्टर हरि ओम वर्मा और संतोष देवी वर्मा के साथ फीता काटकर शोरूम का शुभारंभ किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
उद्घाटन समारोह में खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा और भागलपुर के सांसद अजय मंडल सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान शोरूम में खरीदारी करने पहुंचे ग्राहकों की भी अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।
प्रतिष्ठान के पार्टनर विशाल वर्मा ने बताया कि ग्राहकों की पसंद, सुविधा और बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शोरूम का विस्तार एवं नवीनीकरण कराया गया है, ताकि ग्राहकों को एक ही छत के नीचे बेहतर सुविधाएं और आभूषणों की आकर्षक रेंज उपलब्ध कराई जा सके।
प्रेस वार्ता में विपक्ष पर बरसे चिराग पासवान
कार्यक्रम के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की तुलना बांग्लादेश और नेपाल की परिस्थितियों से करना तथा इस तरह के बयान देना उचित नहीं है।
चिराग पासवान ने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि हिंदुस्तान की अपनी पहचान, लोकतांत्रिक व्यवस्था और अलग परिस्थितियां हैं। इसे पाकिस्तान और बांग्लादेश बनाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उन्होंने देश की एकता, स्थिरता और विकास को लेकर अपनी बात रखी।
केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान व्यापार और व्यवसायियों के महत्व पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में व्यापारियों और व्यवसायियों की अहम भूमिका है। ऐसे प्रतिष्ठानों का विस्तार स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ रोजगार और आर्थिक विकास के अवसर भी पैदा करता है।
हरि ओम लक्ष्मी नारायण ज्वैलर्स की भव्य री-ओपनिंग का यह समारोह व्यापारिक जगत के साथ-साथ राजनीतिक हस्तियों की मौजूदगी के कारण भी चर्चा में रहा।
जिला: भागलपुर
रिपोर्ट: चमन अली
Rahui, Nalanda | Oct 31, 2026