राहुल गांधी किस प्राणी के आदमी हैं, एलियन हैं या कॉमेडियन? मंत्री संतोष सुमन का तीखा हमला, रोहिणी आचार्य को भी सुनाई खरी-खरी
बोले- नीतीश चाचा से आरजू-विनती करने से नहीं बनेगी सरकार, जनता का आशीर्वाद लेना होगा; प्रशांत किशोर पर भी साधा निशाना, कहा- उनके पास कोई मुद्दा नहीं
गयाजी। बिहार की सियासत में नेताओं के बीच बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने शनिवार को गयाजी शहर के गोदावरी स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राजद नेता रोहिणी आचार्य और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए मंत्री ने उन्हें कॉमेडियन तक बता दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी नेता हैं, अभिनेता हैं या संत हैं, यह समझ में नहीं आता। उनका आचरण देखकर लगता है कि वह किस देश के प्राणी हैं, ऐसा लगता है कि वह एलियन हैं। मंत्री के इस बयान से राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि राहुल गांधी उल्टी-सीधी बातें कर देश को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। वह विदेशों में जाकर भी भारत के खिलाफ टिप्पणी करते हैं। देश की एकता और अखंडता पर टिप्पणी करने से पहले उन्हें अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर राहुल गांधी की ओर से की जा रही टिप्पणियों को लेकर मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उनका कार्यकाल देश के लिए स्वर्णकाल साबित हो रहा है। भारत आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा है और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बने।
छठ के भोजपुरी गीतों का विरोध करने वालों को बताया मानसिक दिवालिया
मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा के भोजपुरी गीत बजाए जाने और इस पर राज ठाकरे गुट की ओर से विरोध किए जाने के मामले में भी मंत्री ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस नेता हुसैन दलवई की ओर से राज ठाकरे के रुख का समर्थन किए जाने पर उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि हिंदू धर्म और सनातन संस्कृति की गहरी आस्था का प्रतीक है। इस पर्व में लोग प्रकृति के प्रत्यक्ष देवता भगवान सूर्य की उपासना करते हैं। बिहार और उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ छठ पूजा करते हैं।
उन्होंने कहा कि आस्था के इस महापर्व पर टिप्पणी करना पूरी तरह गलत है। जो लोग छठ पूजा और भोजपुरी संस्कृति का तिरस्कार कर रहे हैं, वे मानसिक दिवालियापन का परिचय दे रहे हैं। बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों की आस्था, संस्कृति और परंपरा का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि बिहारियों को नीचे दिखाकर अपमानित करने की कोशिश करने वाले लोग खुद राजनीतिक रूप से रसातल में चले जाएंगे। ऐसे लोगों के रवैये की वह कड़ी निंदा करते हैं।
प्रशांत किशोर पर निशाना, बोले- मुख्यमंत्री पर टिप्पणी कर चर्चा में रहना चाहते हैं
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की ओर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की शैक्षणिक योग्यता को लेकर उठाए गए सवाल पर भी मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति के पास योग्यता है और वह आगे पढ़ाई करना चाहता है, यह अच्छी बात है। शिक्षा प्राप्त करने की इच्छा रखने वाले हर व्यक्ति को पढ़ाई करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर के पास कोई मुद्दा नहीं है। वह हमेशा एक ही बात को दोहराते रहते हैं।
मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर मुख्यमंत्री के ऊपर टिप्पणी इसलिए करते हैं, ताकि लोग उन्हें सुनें और पूरे बिहार में उनकी चर्चा हो। प्रधानमंत्री के बारे में भी लोग बड़ी-बड़ी टिप्पणियां करते रहते हैं, लेकिन इससे उनके काम पर कोई फर्क नहीं पड़ता। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि वह बिहार को अच्छे तरीके से आगे लेकर चल रहे हैं। राज्य में शांति व्यवस्था कायम है, निवेश आ रहा है और सरकार बिहार की प्रगति एवं तरक्की के लिए लगातार काम कर रही है।
रोहिणी आचार्य को दो टूक, नीतीश चाचा नहीं जनता का आशीर्वाद मांगिए
रोहिणी आचार्य के उस बयान को लेकर भी मंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने नीतीश कुमार को चाचा बताया था। इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। इस मुद्दे पर भाई वीरेंद्र की ओर से समर्थन जताए जाने के सवाल पर डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि राजनीति में कुछ भी संभव है। व्यक्तिगत संबंध और राजनीतिक विचारधारा दोनों अलग-अलग चीजें हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक व्यक्ति या राजनीतिक घराने से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं होती है। राजनीतिक नेताओं के बीच मुलाकात होती है तो पारिवारिक माहौल में होती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उनके पिताजी ने लंबे समय तक राजनीति की है। इसलिए नीतीश कुमार को चाचा कहना स्वाभाविक है। राजनीतिक विचारधारा का उद्देश्य जनता का हित होना चाहिए। रोहिणी आचार्य के बयान पर तंज कसते हुए मंत्री ने कहा कि सत्ता से दूर हो जाने के बाद कुछ लोगों को लगता है कि नीतीश कुमार के साथ चलने से दोबारा सत्ता हासिल हो जाएगी। लेकिन केवल नीतीश कुमार से आरजू-विनती करने से सरकार नहीं बनने वाली है। जनता ने चुनाव में जिन्हें नकार दिया है, उन्हें जनता के बीच जाकर अपना विश्वास दोबारा हासिल करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार बनाने के लिए जनता का आशीर्वाद जरूरी है। नीतीश चाचा से विनती करने के बजाय जनता से आरजू-विनती कीजिए। जनता का विश्वास जीतिए, तभी राजनीति में आगे बढ़ने का रास्ता खुलेगा।
एक साथ कई राजनीतिक मुद्दों पर खोला मोर्चा
गयाजी स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कई राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। राहुल गांधी पर एलियन और कॉमेडियन वाला तंज, छठ पूजा के भोजपुरी गीतों का विरोध करने वालों की आलोचना, प्रशांत किशोर पर पलटवार और रोहिणी आचार्य को जनता का आशीर्वाद लेने की नसीहत देकर उन्होंने बिहार की सियासत में गरमाहट बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि उनके इन बयानों पर संबंधित राजनीतिक दलों और नेताओं की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।
#gayadastak
#गयापुलिस
#गयाजी
#GayaPolice
#PoliticalNews