002
प्रैस नोट-जिला पलवल
दिनांक 15 नवंबर 2026
*सी.आई.ए. स्टाफ पलवल पुलिस को बड़ी सफलता: मिलन ढाबा गोलीकांड का मुख्य आरोपी पर कसा शिकंजा, लिया पुलिस रिमांड पर।*
पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा संगीन अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सी.आई.ए.स्टाफ पलवल को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस टीम ने मिलन ढाबा पर हुई युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में मुख्य आरोपी वीरेंदर कुमार उर्फ पप्पी डागर को गिरफ्तार कर लिया है।
सी.आई.ए. स्टाफ पलवल प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 09 नवंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि मिलन ढाबा, पलवल पर रोहित नाम के युवक को सिर में गोली लगी है। इस संबंध में शेखपुरा, पलवल निवासी मोहित ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 09 नवंबर की तड़के करीब 3:15 से 3:30 बजे के बीच वह अपने मामा के लड़के शैलेंद्र उर्फ सन्नी, चाचा हंसराज तथा परिचित रोहित, निशु, हेमंत व प्रशांत के साथ खाना लेने के लिए मिलन ढाबा गया था।
खाना मांगने की बात को लेकर ढाबा मालिक मनीष ठाकुर तथा वहां मौजूद पप्पी डागर, गौतम तेवतिया, सुखचैन और उनके 12-13 अन्य साथियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान पप्पी डागर ने अपने हाथ में लिए पिस्तौल से चावला कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी रोहित के सिर पर सीधी गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल रोहित को पहले सरकारी अस्पताल पलवल और फिर मेट्रो अस्पताल फरीदाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना शहर पलवल में BNS तथा आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
आरोपी गिरफ्तार:
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सी.आई.ए. स्टाफ पलवल को सौंपी गई। सी.आई.ए. टीम के उप-निरीक्षक (SI) मो. यासिर ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दिनांक 14 नवंबर 2026 को मुख्य आरोपी वीरेंदर कुमार उर्फ पप्पी डागर निवासी झाड़सेंतली, थाना सेक्टर-58, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया।
पुलिस रिमांड और आगामी कार्रवाई:
गहन पूछताछ, हथियार की बरामदगी और सह-आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा आरोपी को आज दिनांक 15 नवंबर 2026 को माननीय अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वारदात से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
Palwal, Palwal | Nov 17, 2026