पलवल में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दो गिरफ्तार
एक दिन पूर्व एक के बाद एक लूट व अपहरण की चार वारदातों को अंजाम दिया था।
आपको बता दें पलवल में एक ही रात में अपहरण व लूट की एक के बाद एक चार वारदातों को अंजाम देकर फरार हुए बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस दौरान एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ सोहना रोड पर हुई बताई गई है।। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। डीएसपी मुख्यालय नरेंद्र सिंह खटाना के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, वारदातों में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
वी/ओ 1
दरअसल, 15 और 16 नवंबर की रात पलवल जिले में बदमाशों ने कुछ ही घंटों के अंतराल में लूट की चार और अपहरण की एक वारदात को अंजाम देकर पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी थी। इन वारदातों के बाद पुलिस की विभिन्न टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं।
इसी कड़ी में 17 नवंबर की सुबह एवीटी स्टाफ हथीन और एएनसी स्टाफ दिघौट की संयुक्त पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि पलवल सोहना रोड पर दो युवक संदिग्ध रूप से छुपकर बैठे हुए है। जो किसी वारदात को अंजाम दे सकते है।
सूचना मिलते ही निरीक्षक जगमिंदर सिंह और उपनिरीक्षक हनीश खान के नेतृत्व में पुलिस की दो टीमों ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी। पुलिस ने दोनों युवकों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली निरीक्षक के कान के पास से होकर निकल गई।
पुलिस की ओर से दोबारा चेतावनी देने के बावजूद बदमाशों ने फायरिंग जारी रखी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक बदमाश के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। पुलिस ने मौके से दोनों बदमाशों को काबू कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव सीहोल निवासी ओमबीर उर्फ ओमी और गांव दिघौट निवासी गौरव के रूप में हुई है। घायल ओमबीर को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पलवल में भर्ती कराया गया है। ओमबीर के खिलाफ पहले भी आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए।
पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्तौल, मैगजीन, एक जिंदा कारतूस और चार खाली खोल बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना शहर पलवल में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डीएसपी मुख्यालय नरेंद्र सिंह खटाना ने प्रेस वार्ता में बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी गौरव ने अपने साथी ओमबीर और दो अन्य युवकों के साथ मिलकर लूट और अपहरण की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ओमबीर के खिलाफ थाना चांदहट में पहले भी जानलेवा हमले का मामला दर्ज है। वहीं, उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
डीएसपी ने बताया कि वारदातों में शामिल दो अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने जिले में अब तक कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है और इस गिरोह में कौन-कौन शामिल है।
बाइट :- नरेंद्र सिंह खटाना, डीएसपी मुख्यालय, पलवल
Palwal, Palwal | Nov 17, 2026